यह ख़बर 16 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

‎इस साल 50,000 सलाहकारों की बहाली करेगी रिलायंस लाइफ

खास बातें

  • जीवन बीमा कंपनी रिलायंस लाइफ चालू वित्तवर्ष के दौरान करीब 50,000 बीमा सलाहकारों और 5,500 पूर्णकालिक बीमा परामर्शदाताओं की नियुक्ति करेगी।
बैंकॉक:

जीवन बीमा कंपनी रिलायंस लाइफ चालू वित्तवर्ष के दौरान करीब 50,000 बीमा सलाहकारों और 5,500 पूर्णकालिक बीमा परामर्शदाताओं की नियुक्ति करेगी। कंपनी को अपने काम को सुचारू रूप से चलाने, बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करने तथा छोड़ कर जाने वाले कर्मचारियों की जगह भरने के लिए इतनी बड़ी तादाद में मानव संसाधन की जरूरत है।

रिलायंस लाइफ अनिल अंबानी प्रवर्तित रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा कंपनी है। रिलायंस लाइफ के अधिकारियों ने बताया कि ग्राहक सेवाओं में सुधार के वास्ते अगले महीने (सितंबर 2012) तक 5,500 पूर्णकालिक सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे।

कंपनी के अध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक मलय घोष ने कहा कि रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस इस वित्तवर्ष में 50,000 सलाहकारों को नियुक्त करेगी, ताकि काम को देखते हुए कुल मिलाकर कर्मचारियों की संख्या में वृद्धि हो।

कंपनी ने ग्राहकों को पॉलिसी बेचने के बाद भी उनको ग्राहक सेवाएं देते रहने की अपनी नई पहल की आज औपचारिक शुरुआत की। इसके तहत उसके एजेंट चालू वित्तवर्ष के अंत (मार्च 2013) तक कंपनी के 10 लाख ग्राहकों से एक न एक बार जरूर संपर्क करेंगे। यह पहल जापानी कंपनी निप्पन लाइफ के 'जुट्टो मोट्टो' यानी 'हमेशा के लिए और अधिक सेवा' की धारणा से प्रेरित है। निप्पन लाइफ ने हाल में रिलायंस लाइफ की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बिक्री के बाद ग्राहकों की सेवा देने के वास्ते एक पहल की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा, हम प्रतिभा को बनाए रखने और बेहतर सेवा देने के वास्ते सलाहकारों विशेषकर अर्द्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में न्यूनतम निर्धारित वेतन पर सलाहकारों को नियुक्त करने पर विचार कर रहे हैं।