यह ख़बर 02 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा पर रहेगी निगाहें

खास बातें

  • इस सप्ताह की शुरुआत में शेयर बाजार की नजर आरबीआई की मौद्रिक समीक्षा पर टिकी होगी। आरबीआई तीन मई को सलाना मौद्रिक समीक्षा करने वाली है।
मुम्बई:

इस सप्ताह की शुरुआत में शेयर बाजार की नजर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक समीक्षा पर टिकी रहेगी। आरबीआई तीन मई को सलाना मौद्रिक समीक्षा करने वाली है। विश्लेषकों का मानना है कि महंगाई के जारी रहने के कारण आरबीआई फिर एक बार ब्याज दर बढ़ा सकती है। आरबीआई ने पिछले 15 महीने में आठ बार प्रमुख ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक 16 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में खाद्य महंगाई की दर लगातार दूसरे सप्ताह बढ़कर 8.76 फीसदी पर है, जबकि मार्च महीने की सलाना महंगाई दर बढ़कर 8.98 फीसदी पर जा पहुंची, जो एक माह पहले 8.31 फीसदी पर थी। आरबीआई ने महंगाई के आठ फीसदी पर रहने का अनुमान जताया था। मुख्य ब्याज दरों में वृद्धि की सम्भावना के बीच शुक्रवार को समाप्त कारोबारी सप्ताह में देश के शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई। ब्याज दरों से प्रभावित होने वाले सेक्टरों जैसे बैंकिंग में मुख्यत: गिरावट देखी गई। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को साप्ताहिक कारोबार में 466.27 अंकों की गिरावट के साथ 19,135.96 पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com