यह ख़बर 07 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

पांच साल में गोवा में प्रापर्टी के दाम दोगुने हुए

खास बातें

  • गोवा के रीएल एस्टेट क्षेत्र में पेंशनभोगी और धनी व्यक्तियों का निवेश बढ़ने से पिछले पांच साल में यहां जमीन जायदाद के दाम दोगुना तक बढ़ गए हैं।
पणजी:

गोवा के रीएल एस्टेट क्षेत्र में पेंशनभोगी और धनी व्यक्तियों का निवेश बढ़ने से पिछले पांच साल में यहां जमीन जायदाद के दाम दोगुना तक बढ़ गए हैं। औद्योगिक सूत्रों के अनुसार पिछले पांच साल में यहां के शहरी एवं पर्यटक स्थलों में अपार्टमेंट और बंगले की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसके अलावा निश्चित रूप से पिछले छह माह के दौरान यहां के जमीन जायदाद के भाव भी चढ़ गये। रीएल एस्टेट से जुड़े कारोबारियों का भी मानना है कि राजधानी पणजी के करीब डोना पौला में अरब सागर के आसपास आवासीय इलाके मध्यवर्ग अथवा उच्चमध्यवर्ग की पहुंच से बाहर हो गए हैं। मैथिआस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी ने प्रेट्र को बताया, डोना पौला में अभिजात्य वर्ग के लोग रहते हैं। यहां की सुख-सुविधा के देखते हुये बॉलीवुड सेलिब्रिटी, उद्योगपति, प्रवासी भारतीय भी हमसे यहां प्रापर्टी खरीदने के बारे में पूछते हैं। निर्माण क्षेत्र की कंपनी मैथिआस 65,000 से 90,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की कीमत वाला ओसियन पार्क रेजीडेंसी विकसित कर रही है। सभी प्रकार तरह की आलीशान सुविधाओं से युक्त इस शाही अपार्टमेंट से अरब सागर का नजारा लिया जा सकता है। बी एंड एफ रीयल्टी कंपनी के बिक्री एवं विपणन प्रबंधक रितेश वल्वाइकर का कहना है, अपार्टमेंट अथवा फ्लैट की कीमत उसकी स्थिति और सुविधाओं पर निर्भर करती है। सियोलिम जैसे पर्यटक बाहुल्य क्षेत्र में अपार्टमेंट की कीमत 36,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर चल रही है, जबकि मापूसा जैसे छोटे शहरों में यह 33,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। उत्तरी गोवा में बागा बीच के नजदीक 55,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com