खास बातें
- केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने उड़ीसा सरकार को 1,253 हेक्टेयर भूमि को 12 अरब डॉलर वाली पॉस्को परियोजना के लिए बदलने की अंतिम मंजूरी दे दी।
नई दिल्ली: केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने उड़ीसा सरकार को 1,253 हेक्टेयर भूमि को 12 अरब डॉलर वाली पॉस्को इस्पात परियोजना के लिए बदलने की सोमवार को अंतिम मंजूरी दे दी। उड़ीसा सरकार ने पिछले हफ्ते कहा था कि परियोजना वाले इलाके में परम्परागत जनजातीय समुदाय के लोग खेती के लिए उस भूमि पर निर्भर नहीं हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने एक बयान में कहा, "राज्य सरकार से 29 अप्रैल को हुई बातचीत के मद्देनजर 1,253 हेक्टेयर की भूमि को पॉस्को परियोजना के लिए बदलने को अंतिम मंजूरी दी गई है।" बयान के अनुसार जिले में वन क्षेत्र में बेकार पड़ी भूमि को उन्नत या उपजाऊ बनाने का खर्च पॉस्को द्वारा वहन किए जाने की शर्त पर मंजूरी दी गई है। गौरतलब है कि पर्यावरण मंत्रालय ने गत जनवरी में तटीय जिले जगतसिंहपुर के पारादीप में इस परियोजना को स्थापित करने की मंजूरी प्रदान की थी।