यह ख़बर 15 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

पेट्रोल और डीजल दो-दो रुपये सस्ता हुआ

नई दिल्ली:

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें पांच साल के निचले स्तर पर आने के बीच आज पेट्रोल और डीजल के दाम में दो-दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई। अगस्त के बाद से यह पेट्रोल कीमतों में लगातार आठवीं कटौती है। अक्तूबर के बाद से डीजल के दाम चार बार घटाए गए हैं।

इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने आज ईंधन कीमतों में कटौती की घोषणा की। नई दरें आज आधी रात से लागू होंगी।

दिल्ली में पेट्रोल अब 61.33 रुपये लीटर होगा। यह 44 माह का सबसे निचला स्तर है। अब तक पेट्रोल का दाम 63.33 रुपये लीटर पर था।

मुंबई में पेट्रोल का दाम 2.09 रुपये घटकर 68.86 रुपये लीटर पर आ गया। स्थानीय बिक्रीकर या वैट की भिन्न दरों की वजह से विभिन्न राज्यों में पेट्रोल-डीजल का दाम अलग-अलग है।

दिल्ली में अब डीजल 52.51 रुपये से घटकर 50.51 रुपये प्रति लीटर रह गया। जुलाई, 2013 के बाद से यह डीजल का सबसे कम दाम हैं। मुंबई में यह 60.11 से घटकर 57.91 रुपये लीटर रह गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पेट्रोल, डीजल कीमतों में यह कटौती और अधिक हो सकती थी, लेकिन सरकार ने कच्चे तेल के दाम 62.37 डॉलर प्रति बैरल पर आने के बीच पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 2.25 रुपये लीटर और डीजल पर उत्पाद शुल्क एक रुपये लीटर बढ़ा दिया। जून में कच्चा तेल 115 डॉलर प्रति बैरल था।