रोमांटिक गानों की एक अलग ही दुनिया है. कभी प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे की तारीफ में कविताएं पढ़ देते हैं तो कभी ऐसी तुलना लेकर आते हैं कि सीधे चांद और तारों तक पहुंच जाते हैं. आज हम आपको इसी तरह के यानी कि रोमांटिक जॉनर के एक भोजपुरी गाने के बारे में बताएंगे जिसमें माशूका कहती है कि जैसी ये सूरज की किरण चमकती है उसी तरह मेरे मन में मेरे पिया का चेहरा चमकता है. इस गीत के बोल हैं 'जैसे चमके सूरज के किरनवा' भोजपुरी सिनेमा के सुनहरे दौर का यह सुरीला गीत आज भी उतना ही ताजा और दिल छूने वाला लगता है जितना 39 साल पहले था.
इस गाने में प्रियतम की सुंदरता की तुलना सूरज की चमकती किरणों से की गई है. एक इंसान के प्यार, सुंदरता और प्यार के भाव को शब्दों में पिरोया गया है. नरम धुन, देसी महक और दिल छू लेने वाली आवाज इस गाने को सिर्फ एक रोमांटिक नंबर नहीं, बल्कि एक याद बना देते हैं. यह गाना 1987 में रिलीज हुई फिल्म गोदना में आया था. विनय कुमार सिन्हा के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म भारतीय समाज की उस पुरानी परंपरा पर आधारित है जिसमें महिलाएं अपने हाथ पर पति का नाम गोदवा लेती थीं. इसे सौभाग्य का प्रतीक माना जाता था. फिल्म में एक भोली-भाली लड़की चंदा की कहानी है, जो हालात की वजह से अपना प्यार कुर्बान कर देती है और उसके हाथ का गोदना बाद में उसके जीवन का अभिशाप बन जाता है.
बात करें 'जैसे चमके सूरज के किरनवा' की तो इस गीत को शैलेंद्र सिंह और अल्का याग्निक ने मिलकर गाया. दोनों की जुगलबंदी इस गीत को और खास बना देती है. शैलेन्द्र सिंह की गंभीर और भावुक आवाज के साथ अलका याग्निक का मीठे सुर सीधे दिल तक पहुंचते हैं. गाने का संगीत चित्रगुप्त ने तैयार किया था और बोल समीर अंजान ने लिखे थे.
यह भी पढ़ें: भैया दूज पर बना 43 साल पुराना गीत, लता मंगेशकर जैसी थी सिंगर की आवाज, कहलाती थी बेबी लता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं