यह ख़बर 14 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

फिर बढ़े पेट्रोल के दाम, पांच रुपये हुआ महंगा

खास बातें

  • तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि करते हुए मध्यरात्रि से देशभर में पेट्रोल के दाम पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की।
नई दिल्ली:

तेल कंपनियों ने एक ही झटके में पेट्रोल के दाम में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि करने का निर्णय करते हुए मध्यरात्रि से देशभर में पेट्रोल के दाम पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की। इसके साथ ही दिल्ली में पेट्रोल का दाम बढ़कर 63.37 रुपये लीटर हो गया है। इसके बाद जल्द ही डीजल और घरेलू रसाई गैस के सिलेंडर में भी वृद्धि की जा सकती है। डीलज में प्रति लीटर चार रुपये और एलपीजी सिलेंडर की दरों में 20 से 25 रुपये की वृद्धि की संभावना व्यक्त की जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि ताजा मूल्यवृद्धि के बाद दिल्ली में इंडियन ऑयल कापरेरेशन के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल 63.37 रुपये लीटर बिकेगा। इससे पहले यह 58.37 रुपये लीटर था। सूत्रों के अनुसार पेट्रोल में पांच रुपये लीटर की वृद्धि के बावजूद तेल कंपनियों को अभी भी पेट्रोल पर 5.50 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है, इस लिहाज से जल्द ही पेट्रोल के दाम और बढ़ सकते हैं। पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री करने वाली अन्य कंपनी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने भी पेट्रोल के दाम क्रमश 4.99 रुपये और 5.01 रुपये लीटर बढा दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम पिछले ढाई साल के उच्चस्तर पर पहुंच जाने के बावजूद तेल कंपनियों ने इस साल जनवरी से पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ाए। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के चलते तेल कंपनियों ने मूल्य वृद्धि को रोका हुआ था और अब विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए। जल्द ही डीजल और रसोई गैस की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। सरकार ने पिछले साल जून में ही पेट्रोल के दाम से अपना नियंत्रण हटा लिया था। इसलिए तेल कंपनियों ने सरकार की तरफ से इशारा मिलते ही अपने स्तर पर पेट्रोल दाम बढ़ा दिए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com