खास बातें
- कारोबारी साल 2010-11 में व्यापार घाटा 104.8 अरब डॉलर रहा, जो इससे पिछले साल के 109.6 अरब डॉलर के व्यापार घाटे से कम है।
New Delhi: भारतीय निर्यात मार्च महीने में 43.9 फीसदी की वृद्धि के साथ 29.1 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इसी के साथ पूरे वित्त वर्ष का निर्यात भी 37.5 फीसदी वृद्धि के साथ 245.9 अरब डॉलर दर्ज किया गया, जो सरकार द्वारा तय किए गए 200 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य से अधिक है। कारोबारी साल 2010-11 में व्यापार घाटा 104.8 अरब डॉलर रहा, जो इससे पिछले साल के 109.6 अरब डॉलर के व्यापार घाटे से कम है। मार्च महीने में व्यापार घाटा 5.6 अरब डॉलर रहा। मार्च महीने का आयात 34.74 अरब डॉलर रहा, जबकि पूरे वित्त वर्ष 2010-11 का आयात 350.3 अरब डॉलर रहा। सरकार 2014 तक देश का निर्यात दोगुना बढ़ाकर 450 अरब डॉलर करना चाहती है। उम्मीद की जा रही है कि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय इस सप्ताह तक इसके लिए एक रणनीति तैयार कर लेगा। तेल का आयात पिछले कारोबार साल में 16.7 फीसदी बढ़ा। इसी दौरान इंजीनियरिंग उत्पादों का निर्यात सर्वाधिक 84.76 फीसदी बढ़ा और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में 50.58 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आभूषणों के निर्यात में पिछले कारोबारी साल में 15.34 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। औषधि और दवा उत्पादों के निर्यात में भी पिछले कारोबारी साल में 15.08 फीसदी की वृद्धि हुई। निर्मित वस्त्र के निर्यात में 4.23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। लौह अयस्क के निर्यात में हालांकि पिछले कारोबारी साल में 25 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।