खास बातें
- किसी उत्प्रेरक तत्व के अभाव में मौजूदा सीमित कारोबार से बाजार के उबरने की संभावना नहीं है, इसलिए निवेशकों को सतर्कता बरतनी होगी।
Mumbai: मंगलवार को भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा और हीरो होंडा मोटर्स तथा भारती एयरटेल सहित विभिन्न कंपनियों के तिमाही नतीजों से इस सप्ताह शेयर बाजार में सुगठन का दौर देखने को मिल सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार किसी उत्प्रेरक तत्व के अभाव में मौजूदा सीमित कारोबार से बाजार के उबरने की संभावना नहीं है। इसलिए थोड़े समय के लिए निवेशकों को सतर्कता बरतनी होगी और मुख्य संकेतकों में अधिक स्पष्टता आने की प्रतीक्षा करनी होगी। आईआईएफएल के शोध प्रमुख (इंडिया निजी ग्राहक) अमर अंबानी ने कहा कि बाजार में ऐसी स्थिति मई में भी बनी रह सकती है, क्योंकि कुछ प्रमुख कंपनियों के नतीजे अभी आना बाकी हैं। बंबई शेयर बाजार में बीते सप्ताह के दौरान ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका और निवेशकों की मुनाफावसूली के साथ साथ कंपनियों के मिश्रित नतीजों तथा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की चिंता के अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों की सतत बिकवाली से सेंसेक्स 466.27 अंकों की गिरावट के साथ 19,135.96 अंक पर बंद हुआ। मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज के सहायक उपाध्यक्ष पराग डॉक्टर ने कहा कि रिजर्व बैंक की ऋण नीति और तिमाही नतीजे इस सप्ताह बाजार की दिशा निर्धारित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति की समीक्षा तथा ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका, एफआईआई की बिकवाली तथा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से बाजार में नकारात्मक धारणा कायम है। बाजार सूत्रों का मानना है कि तीन मई की बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा फिर से ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका है। उन्होंने कहा कि अगर ब्याज दरों में आधा प्रतिशत की वृद्धि की जाती है, तो बाजार का रुख थोड़ा और नकारात्मक हो सकता है। बैंक ऑफ इंडिया 2 मई को अपने चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करेगा। उसके बाद 4 मई को हीरो होंडा के नतीजे आएंगे। फिर 5 मई को भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और सिप्ला अपने नतीजों की घोषणा करेंगी।