यह ख़बर 22 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

मार्केट कैप में ओएनजीसी, एसबीआई को लगा बड़ा झटका

खास बातें

  • ओएनजीसी तथा एसबीआई के बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट के चलते देश की 10 सबसे पूंजीवान कंपनियों में से 8 को 78,553.96 करोड़ का नुकसान हुआ।
Mumbai:

ओएनजीसी तथा एसबीआई के बाजार पूंजीकरण में भारी गिरावट के चलते बीते सप्ताह देश की 10 सबसे पूंजीवान कंपनियों में से 8 को 78,553.96 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) का बाजार पूंजीकरण बीएसई में शुक्रवार को 26,222.55 करोड़ रुपये घटकर 2,34,462.93 करोड़ रुपये रह गया। उल्लेखनीय है कि सरकार ने पिछले सप्ताह ओएनजीसी सहित उत्खनन तेल कंपनियों पर ईंधन सब्सिडी का बोझ एक-तिहाई से बढ़ाकर 38.8 प्रतिशत कर दिया है। इसके तहत सरकार ने ओएनजीसी, ऑयल इंडिया तथा गेल को 30,296.75 करोड़ रुपये का योगदान करने को कहा गया है। ओएनजीसी को 24,892.43 करोड़ रुपये देने होंगे। इसी तरह, देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह 20,764.18 करोड़ रुपये घटकर 1,47,447.85 करोड रुपये रह गया। एसबीआई का शुद्ध लाभ मार्च 2011 की तिमाही में लगभग 99 प्रतिशत घटकर 20.8 करोड़ रुपये रहा था। ओएनजीसी पर सब्सिडी हिस्सेदारी बोझ बढ़ने तथा एसबीआई के खराब वित्तीय प्रदर्शन का असर बीते सप्ताह बाजार धारणा पर देखने को मिला। देश की प्रमुख निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण इस दौरान 8,920.51 करोड़ रुपये घटकर 3,01,627.66 करोड़ रुपये रह गया। इसी तरह महारत्न दर्जा प्राप्त सार्वजनिक कंपनी कोल इंडिया का बाजार पूंजीकरण 13,074.86 करोड़ रुपये घटकर 2,31,210.36 करोड़ रुपये, बिजली उत्पादक एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण 1,401.73 करोड़ रुपये घटकर 1,42,935.05 करोड़ रह गया। आलोच्य सप्ताह में आईटी कंपनी इंफोसिस टेक्नोलॉजीज का बाजार पूंजीकरण 1,693.71 करोड़ रुपये घटकर 1,63,661.48 करोड़ रुपये तथा आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 2,863.1 करोड़ रुपये घटकर 1,43,773.9 करोड़ रुपये रह गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण भी घटा, वहीं टीसीएस तथा भारतीय एयरटेल का बाजार पूंजीकरण आलोच्य सप्ताह में बढ़ा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com