खास बातें
- माइक्रोसॉफ्ट ने स्काईपे को 8.5 अरब डॉलर में खरीदने की तैयारी की है। इससे उसे प्रतिस्पर्धी इंटरनेट बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने में मदद मिलेगी।
न्यूयार्क: माइक्रोसॉफ्ट ने स्काईपे को 8.5 अरब डॉलर में खरीदने की तैयारी की है जिससे उसे अत्यधिक प्रतिस्पर्धी इंटरनेट के बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने में मदद मिलेगी। मंगलवार को की गई सौदे की घोषणा से माइक्रोसॉफ्ट गूगल और एप्पल जैसी कंपनियों से टक्कर ले सकेगी। दोनों कंपनियों ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा, माइक्रोसॉफ्ट और स्काईपे ने एक पक्का समझौता किया है जिसके तहत माइक्रोसॉफ्ट 8.5 अरब डॉलर में स्काईपे का अधिग्रहण करेगी। माइक्रोसॉफ्ट सिल्वर लेक की अगुवाई वाले निवेशकों के समूह को नकद भुगतान कर स्काईपे का अधिग्रहण करेगी। बयान के मुताबिक, इस सौदे को दोनों कंपनियों के निदेशक मंडलों ने मंजूरी दे दी है। स्काईपे एक लोकप्रिय संचार सॉफ्टवेयर है जो वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकाल प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करती है। इससे इंटरनेशनल वॉइस और वीडियो कॉल सस्ते हो जाते हैं।