यह ख़बर 27 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

निचले स्तर पर लिवाली से सेंसेक्स 221 अंक मजबूत

खास बातें

  • मजबूत रुख के बीच निवेशकों द्वारा रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और आईसीआईसीआई के शेयरों में निचले स्तर पर लिवाली से सेंसेक्स 221 अंक चढ़ गया।
मुंबई:

बंबई शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार दूसरे दिन जारी रहा। मजबूत वैश्विक रुख के बीच निवेशकों द्वारा रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और आईसीआईसीआई के शेयरों में निचले स्तर पर लिवाली से सेंसेक्स 221 अंक चढ़ गया। पिछले सत्र में 197 अंक मजबूत होने वाला सेंसेक्स 221.46 अंक या 1.23 प्रतिशत चढ़कर 18,266.10 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 63.75 अंक या 1.18 प्रतिशत चढ़कर 5,476.10 अंक पर बंद हुआ। जून के डेरिवेटिव अनुबंध के पहले दिन रीयल्टी, बैंकिंग, धातु और रिफाइनरी शेयरों में अच्छी लिवाली देखने को मिली। विश्लेषकों ने हालांकि आगाह किया है कि यह एक तकनीकी सुधार है, वृहद आर्थिक चिंताएं अभी भी कायम हैं। विभिन्न वर्गों के सूचकांकों में 11 लाभ के साथ और वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सूचकांक हानि के साथ बंद हुए। स्मॉल कैप और मिड कैप के काउंटर पर अच्छी खरीद हुई, जो खुदरा निवेशकों की मौजूदगी का संकेत है। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा भारांश रखने वाले तीन शेयरों रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और आईसीआईसीआई में अच्छी खासी बढ़त दर्ज हुई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.40 प्रतिशत चढ़कर 946.30 रुपये पर बंद हुआ, जबकि आईसीआईसीआई बैंक 4.23 प्रतिशत मजबूत होकर 1069 रुपये पर बंद हुआ। इन्फोसिस का शेयर 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,787.95 रुपये रहा। इसके अलावा ओएनजीसी, हिंडाल्को, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा स्टील ने भी सेंसेक्स की बढ़त में योगदान दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com