खास बातें
- भारतीय मूल के दिग्गज स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल 17.51 अरब पौंड की अनुमानित संपत्ति के साथ 2011 में भी ब्रिटेन के सबसे धनी व्यक्ति हैं।
लंदन: इस्पात जगत के बेताज बादशाह कहे जाने वाले भारतीय मूल के दिग्गज स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल 17.51 अरब पौंड की अनुमानित संपत्ति के साथ 2011 में भी ब्रिटेन के सबसे धनी व्यक्ति हैं। यह लगातर सातवां साल है जब धनवानों की सूची में वह सबसे आगे रहे हैं। यह दीगर बात है कि उनकी संपत्ति में पिछले सालभर में 4.93 अरब पौंड की गिरावट आई है। अखबार संडे टाइम्स की धनवानों की सूची 2011 में मित्तल को ब्रिटेन का सबसे धनी व्यक्ति बताया गया है। उनके पास 17.5 अरब पौंड की निजी संपत्ति है। सूची के अनुसार हालांकि मित्तल की संपत्ति 2010 के 22.45 अरब पौंड से घटकर 2011 में 17.51 अरब पौंड रह गयी। इसका प्रमुख कारण पिछले साल के मुकाबले शेयर भाव में गिरावट है। इसके कारण आर्सेलर मित्तल में हिस्सेदारी मूल्य 18.45 अरब पौंड से घटकर 13.65 अरब पौंड रह गया। सूची में रूसी मूल के खनन व्यवसायी एलिशर उस्मानोव ब्रिटेन के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति हैं। उनकी संपत्ति दोगुनी से अधिक होकर 12.4 अरब पौंड हो गयी है। रूसी मूल के ही रोमान एब्रामोविक 10 अरब डॉलर मूल्य की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। 1999 के बाद यह पहला मौका है जब ब्रिटेन के धन कुबेरों में शामिल ड्यूक ऑफ वेस्टमीनिस्ट शीर्ष तीन में शामिल नहीं हैं। उनकी संपत्ति 7 अरब पौंड आंकी गयी है।