खास बातें
- इन्फोसिस ने प्रबंधन के शीर्ष स्तर पर फेरबदल करते हुए जाने-माने बैंकर केवी कामत को नया चेयरमैन नियुक्त किया।
बेंगलुरू: देश की दूसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी इन्फोसिस टैक्नोलॉजीज ने प्रबंधन के शीर्ष स्तर पर फेरबदल करते हुए जाने-माने बैंकर केवी कामत को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वह एनआर नारायणमूर्ति का स्थान लेंगे जो अगस्त में सेवानिवृत हो रहे हैं। निजी क्षेत्र की छह अरब डॉलर की सॉफ्टवेयर कंपनी इन्फोसिस टैक्नोलॉजीज ने इसके साथ ही कंपनी के सीईओ एस. गोपालकृष्णन को कार्यकारी सह-अध्यक्ष और मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) एसडी शिबूलाल को कंपनी का सीईओ और प्रबंध निदेशक बना दिया है। नारायणमूर्ति इसी साल अगस्त में 65 साल के हो जाएंगे और कंपनी के चेयरमैन एमिरिट्स बन जाएंगे। उनके स्थान पर केवी कामत कंपनी के चेयरमैन होंगे। कंपनी की यहां हुई निदेशक मंडल की बैठक में ये फैसले लिए गए। बैठक में तय हुआ कि सभी नियुक्तियां 21 अगस्त 2011 से प्रभावी होंगी। कामत इस समय इन्फोसिस के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक हैं और निजी क्षेत्र के सबसे बड़े बैंक आईसीआईसीआई बैंक के गैर-कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। निदेशक मंडल की बैठक के बाद नारायणमूर्ति ने कहा, इन नियुक्तियों को लेकर मुझे काफी खुशी है। उन्होंने कहा, कामत, कृष्णन और शिबू की टीम एक अच्छी टीम है। मुझे कंपनी का चेयरमैन एमिरिटस बनाने और निदेशक मंडल में अपना योगदान देते रहने का मौका देने के लिए मैं कंपनी का शुक्रगुजार हूं।