नई दिल्ली: आमतौर पर दुनिया का सबसे बड़ा नियोक्ता कहलाने वाली भारतीय रेलवे में 14 लाख कर्मचारी काम करते हैं। हैरानी की बात ये है कि भारतीय रेलवे नियोक्ता के रूप में दुनिया में 8वें नंबर पर है और उससे ज्यादा कर्मचारी तो वालमार्ट के पास हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के सबसे बड़े नियोक्ताओं में दो भारतीय संगठन, सेना व भारतीय रेलवे भी शामिल हैं। इन दोनों में लगभग 27 लाख कर्मचारी हैं। यह अनुसंधान रिपोर्ट विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) ने प्रकाशित की है।
हालांकि, आमतौर पर भारतीय रेलवे को दुनिया का सबसे बड़ी नियोक्ता संगठन कहा जाता है, लेकिन ऐसा लगता नहीं है क्योंकि दुनिया के सबसे बड़े नियोक्ताओं की सूची में इसे आठवें स्थान पर रखा गया है।
इस सूची में 14 लाख कर्मचारियों के साथ भारतीय रेलवे आठवें स्थान पर है जबकि उसके तुरंत बाद 13 लाख कर्मचारियों के साथ भारतीय सशस्त्र सेनाएं हैं।
रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी रक्षा विभाग दुनिया का सबसे बड़ा नियोक्ता है। उसकी नामावली में 32 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं। सूची में दूसरे स्थान पर चीन की सेना (पीपल्स लिबरेशन आर्मी) को रखा गया है, जिसमें 23 लाख लोग हैं। अमेरिकी खुदरा कंपनी वालमार्ट 21 लाख कर्मचारियों के साथ तीसरे स्थान पर है।