खास बातें
- यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे डोमिनिक स्ट्रॉस कान ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया।
वाशिंगटन: यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे डोमिनिक स्ट्रॉस कान ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने खुद को निर्दोष बताया। स्ट्रॉस कान शनिवार से ही न्यूयॉर्क के एक जेल में बंद हैं। मैनहटन के एक होटल में नौकरानी का यौन शोषण करने और बलात्कार करने के आरोप में कान को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह पेरिस जाने वाले विमान में सवार होने वाले थे। स्ट्रॉस कान से इस संबंध में एक औपचारिक पत्र मिलने के बाद आईएमएफ ने एक बयान जारी कर कहा, डोमिनिक स्ट्रॉस कान ने प्रबंध निदेशक के पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने की इच्छा आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड से आज जताई। स्ट्रॉस कान ने अपने पत्र में लिखा है कि वह निर्दोष हैं और वह आरोपों का मुकाबला करेंगे। आईएमएफ ने कहा कि जान लिप्सकी आईएमएफ के कार्यवाहक प्रबंध निदेशक बने रहेंगे।