यह ख़बर 12 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

धीमी पड़ी IIP की रफ्तार, 7.8 प्रतिशत रही

खास बातें

  • विनिर्माण एवं खनन क्षेत्र के कमजोर प्रदर्शन से वित्तवर्ष 2010-11 में औद्योगिक उत्पादन की गति एक साल पहले के मुकाबले धीमी पड़कर 7.8% रह गई।
New Delhi:

विनिर्माण एवं खनन क्षेत्र के कमजोर प्रदर्शन से समाप्त वित्तवर्ष 2010-11 में औद्योगिक उत्पादन की गति एक साल पहले के मुकाबले कुछ धीमी पड़कर 7.8 प्रतिशत रह गई। इससे पिछले वर्ष 2009-10 में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि 10.5 प्रतिशत रही थी। औद्योगिक उत्पादन के गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार मार्च, 2011 में औद्योगिक उत्पादन वृद्धि दर 7.3 प्रतिशत रही है, एक साल पहले इसी माह में यह 15.5 प्रतिशत रही थी। हालांकि, एक महीना पहले की तुलना में इसमें सुधार आया है। फरवरी, 2011 में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि 3.6 प्रतिशत (अनंतिम आंकड़े) रही थी। वर्ष के दौरान औद्योगिक उत्पादन में करीब 80 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाले विनिर्माण क्षेत्र की सालाना वृद्धि दर घटकर 8.1 प्रतिशत रह गई, जो इससे पिछले वित्तवर्ष में 11 प्रतिशत रही थी। मार्च, 2011 में भी इस क्षेत्र की उत्पादन वृद्धि कमजोर रही और यह घटकर 7.9 प्रतिशत पर आ गई, जो पिछले साल के इसी माह में 16.4 प्रतिशत थी। इसी प्रकार, खनन क्षेत्र की वृद्धि दर भी वित्तवर्ष 2010-11 में घटकर 5.9 प्रतिशत पर आ गई, जो पिछले वित्तवर्ष में 9.9 प्रतिशत थी। मार्च 2011 में इस क्षेत्र का प्रदर्शन काफी खराब रहा। मार्च में क्षेत्र में मात्र 0.2 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले साल इसी माह में 12.3 प्रतिशत रही थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com