खास बातें
- हीरो समूह और होंडा ने 26 वर्षीय संयुक्त उद्यम करार को खत्म करने के बाद एक नए लाइसेंसिंग करार पर हस्ताक्षर किए हैं।
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो होंडा अपनी पूर्व सहयोगी जापानी कंपनी होंडा की अपने यहां इस समय इस्तेमाल हो रही प्रौद्योगिकी को अपने भविष्य के वाहनों के विकास में कर सकती है। हीरो समूह और होंडा ने 26 वर्षीय संयुक्त उद्यम करार को खत्म करने के बाद एक नए लाइसेंसिंग करार पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत हीरो समूह 2014 तक जापानी कंपनी को 45 अरब डॉलर येन (2,450 करोड़ रुपये) का भुगतान करेगा। हीरो होंडा मोटर्स लि. के मुख्य वित्तीय अधिकारी रवि सूद ने कहा समझौते के तहत हमारे पास वर्तमान मॉडल में इस्तेमाल हो रही प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत हीरो समूह स्पलेंडर, पैशन, सीबीजेड समेत वर्तमान उत्पादों के प्लेटफामर्स में परिवर्तन या इनके भविष्य में भी इस्तेमाल करने के लिए स्वतंत्र है। मौजूदा प्रौद्योगिकी के हीरो होंडा द्वारा भविष्य में विकसित किए जाने वाले उत्पादों में उपयोग के बारे में उन्होंने कहा हमारे पास ऐसा करने का अधिकार है और हम इसका इस्तेमाल करेंगे।