खास बातें
- केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह नकदी संकट से जूझ रही विमानन कम्पनी एयर इंडिया को मदद करने के लिए 150 करोड़ रुपये बकाये का भुगतान करेगी।
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह नकदी संकट से जूझ रही विमानन कम्पनी एयर इंडिया को मदद करने के लिए 150 करोड़ रुपये बकाये का भुगतान करेगी।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अजीत सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "हम सरकार पर एयर इंडिया के 150 करोड़ रुपये बकाए को जारी करने पर सहमत हो गए हैं। इसे जल्दी ही जारी कर दिया जाना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि विमानन कम्पनी भारी वित्तीय संकट से गुजर रही है और कर्मचारियों को भी वेतन दे पाने में परेशानी महसूस कर रही है।
अजीत सिंह ने कहा, "सरकार ने पायलटों के वेतन के कुछ हिस्से और प्रदर्शन आधारित भुगतान के लिए समुचित राशि जारी करने का फैसला कर लिया है।"
विमानन कम्पनी के पायलटों ने शनिवार को एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, लेकिन प्रबंधन द्वारा मार्च अंत तक सभी बकाए का भुगतान कर देने का आश्वासन देने के बाद उन्होंने प्रदर्शन रोक दिया।