खास बातें
- यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2013 से लागू होगी। फिलहाल केंद्रीय कमर्चारियों और पेंशनभोगियों को मूल वेतन का 80 फीसदी डीए मिलता है, जिसे बढ़ाकर 90 फीसदी करने की मंजूरी दी गई है।
नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते में 10 फीसदी की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2013 से लागू होगी। इससे 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 30 लाख पेंशनधारियों को फायदा होगा।
फिलहाल केंद्रीय कमर्चारियों और पेंशनभोगियों को मूल वेतन का 80 फीसदी डीए मिलता है, जिसे बढ़ाकर 90 फीसदी करने की मंजूरी दी गई है।
इस बढ़ोतरी से सरकारी खर्चे पर करीब 10,880 करोड़ का अतिरिक्त सालान बोझ पड़ेगा। इससे पहले अप्रैल, 2013 में महंगाई भत्ता 72 फीसदी से बढ़ाकर 80 फीसदी किया गया था।
करीब तीन साल बाद महंगाई भत्ते में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इससे पहले सितंबर, 2010 में सरकार ने 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो 1 जुलाई, 2010 से लागू हुई थी। अप्रैल, 2013 में डीए को 72 प्रतिशत से बढ़ाकर 80 प्रतिशत किया गया था। यह वृद्धि इस साल 1 जनवरी से लागू हुई थी।
आम तौर पर सरकार मंहगाई भत्ता तय करने के लिए पिछले 12 महीने की औद्योगिक श्रमिकों से संबंधित खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इस्तेमाल करती है। मंहगाई भत्ते में ताजा बढ़ोतरी के लिए जुलाई, 2012 से जून, 2013 के बीच के औद्योगिक श्रमिकों से जुड़े खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े का आकलन किया गया।
(इनपुट भाषा से भी)