भारत में हर साल एक से दो अरब यूरो निवेश कर रही हैं फ्रांसीसी कंपनियां : फ्रांकोइस रिशिएर

हैदराबाद:

फ्रांस के राजदूत फ्रांकोइस रिशिएर ने बुधवार को कहा कि उनका देश फिलहाल भारत में निवेश को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और फ्रांसीसी कंपनियां भारत में हर साल एक से दो अरब यूरो का निवेश करती हैं।
 
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कारोबार इस समय आठ अरब डॉलर का है और कई कारणों के चलते इसमें बढोतरी नहीं हुई है।
 
रिशिएर एक व्यापारिक प्रतिनिधि मंडल के साथ दो दिन की तेलंगाना यात्रा पर यहां आए हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘फ्रांसीसी निवेशकों ने कुल मिलाकर भारत में 20 अरब यूरो निवेश किया है।

प्रमुख शहरों में उन्होंने 3.5 लाख कुशल लोगों को रोजगार दे रखा है। यह निवेश सालाना 1-2 अरब यूरो की दर से बढ़ रहा है। नई कंपनियां ही नहीं मौजूदा कंपनियां भी निवेश कर रही हैं।’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि फ्रांसीसी कंपनियों ने रक्षा क्षेत्र में अधिक निवेश नहीं किया है, हालांकि एफडीआई सीमा बढ़ाए जाने के बाद कुछ कंपनियां भारत में निवेश करने में रचि दिखा सकती हैं।