एफपीआई ने जुलाई में किया 4,000 करोड़ रुपये का निवेश

नई दिल्ली:

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने पिछले दो महीनों में पूंजी बाजार से भारी मात्रा में राशि निकालने के बाद जुलाई में जमकर निवेश किया। ग्रीस के यूरो क्षेत्र में बने रहने की उम्मीद में एफपीआई ने जुलाई में अभी तक 4,000 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया।

डिपॉजिटरी संस्थाओं के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक एफपीआई ने शेयर बाजारों में 1-10 जुलाई के दौरान 3,168 करोड़ रुपये. जबकि ऋण बाजार में 905 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस तरह उनका शुद्ध निवेश 4,073 करोड़ रुपये का रहा। इससे पहले एफपीआई ने पिछले महीने पूंजी बाजारों (ऋण और इक्विटी) से 1,600 करोड़ रुपये की निकासी की थी। मई में उन्होंने 14,272 करोड़ रुपये निकाले थे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक विदेशी निवेशक इस उम्मीद पर दांव लगा रहे हैं कि ग्रीस रविवार को ऋणदाताओं के साथ कोई समझौता कर लेगा। यूनान ने हाल ही में ऋणदाताओं को आर्थिक सुधार के प्रस्ताव सौंपें। इस पहल से निवेशकों में उम्मीद बंधी है कि यूनान को वित्तपोषण मिल जाएगा जिससे यह देश दिवालिया होने से बच जाएगा और यूरो क्षेत्र में बना रहेगा।