यह ख़बर 08 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

विदेशी निवेशकों ने की 62 करोड़ डॉलर की बिकवाली

खास बातें

  • मई महीने के पहले साप्ताहिक कारोबार में शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 62 करोड़ डॉलर की बिकवाली की।
मुम्बई:

मई महीने के पहले साप्ताहिक कारोबार में शेयर बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 62 करोड़ डॉलर की बिकवाली की। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के सभी कारोबारी दिनों में बिकवाली की। मंगलवार को उन्होंने मामूली 26 लाख डॉलर की लिवाली की। उल्लेखनीय है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने तीन मई को प्रमुख ब्याज दरों में 50-50 आधार अंकों की बढ़ोतरी की और मौजूदा कारोबारी साल में विकास दर के मामूली गिरावट के साथ आठ फीसदी पर रहने का अनुमान जताया है। कोटक सेक्योरिटीज के उपाध्यक्ष संजीव जरबाड़े ने कहा कि वैश्विक बाजारों में इस सप्ताह गिरावट का रुख रहा। इसी बीच आरबीआई द्वारा दरों में आशा से अधिक वृद्धि करने का भी शेयर बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा। विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा सप्ताह के अलग-अलग दिनों में की गई शुद्ध बिकवाली का आंकड़ा इस प्रकार है : सोमवार (4.39 करोड़ डॉलर), बुधवार (28.232 करोड़ डॉलर), गुरुवार (15.698 करोड़ डॉलर) और शुक्रवार (13.974 करोड़ डॉलर)। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने अप्रैल महीने में हालांकि 1.6 अरब डॉलर की शुद्ध लिवाली की। इसी तरह मार्च महीने में भी विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 1.5 अरब डॉलर की लिवाली की थी। जनवरी और फरवरी में हालांकि उन्होंने लगभग एक-एक अरब डॉलर की बिकवाली थी। वर्ष 2011 के पहले चार महीने में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 51.9 करोड़ डॉलर की शुद्ध बिकवाली की।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com