खास बातें
- भारती एयरटेल ने 31 मार्च, 2011 को समाप्त हुई चौथी तिमाही में अनुमान से काफी कम 1,400.7 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हासिल किया।
New Delhi: दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी भारती एयरटेल ने 31 मार्च, 2011 को समाप्त हुई चौथी तिमाही में अनुमान से काफी कम 1,400.7 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हासिल किया। यह शुद्ध लाभ इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में हुए 2,044.4 करोड़ रुपये के शुद्ध लाभ से 31.48 प्रतिशत कम है। कंपनी के शुद्ध लाभ में आई गिरावट की मुख्य वजह अफ्रीकी परिचालनों के लिए नकदी की अधिक निकासी है। समीक्षाधीन तिमाही में हालांकि, कंपनी की कुल आय 51.32 प्रतिशत बढ़कर 16,265.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गई जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 10,749 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2010.11 में भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ 32.64 प्रतिशत घटकर 6,046.7 करोड़ रुपये पर आ गया जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 8,976.8 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा, बीते वित्त वर्ष के दौरान 1,480 करोड़ रुपये शुद्ध ब्याज की अदायगी, 683 करोड़ रुपये फारेक्स रीस्टेटमेंट घाटा, 340 करोड़ रुपये री.ब्रांडिंग खर्च और भारत में स्पेक्ट्रम शुल्क बढ़ने से 265 करोड़ रुपये भुगतान के चलते शुद्ध लाभ घटकर 6,047 करोड़ रुपये पर आ गया। वर्ष 2010-11 में कंपनी की कुल आय 59,467 करोड़ रुपये रही जो इससे पिछले वित्त वर्ष में हुई 41,847 करोड़ रुपये की आय के मुकाबले 42.1 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 2010.11 के लिए प्रत्येक पांच रुपये के इक्विटी शेयर पर एक रुपये प्रति शेयर लाभांश देने की सिफारिश की है।