यह ख़बर 19 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

खाद्य मुद्रास्फीति घटने से सेंसेक्स 55 अंक चढ़ा

खास बातें

  • खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट और लार्सन एंड टुब्रो के मजबूत नतीजों से उत्साहित निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों की लिवाली तेज कर दी।
मुंबई:

खाद्य मुद्रास्फीति में गिरावट और लार्सन एंड टुब्रो के मजबूत नतीजों से उत्साहित निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों की लिवाली तेज कर दी जिससे बंबई शेयर बाजार में तीन दिन से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। पिछले तीन दिन में कई शेयरों के दाम खरीद के नजरिए से अच्छे खासे नीचे आ गए थे। पिछले तीन सत्रों में 445 अंक गंवाने वाला बंबई शेयर बाजार का तीस शेयरों वाला सेंसेक्स लिवाली के समर्थन से 55.20 अंक या 0.31 प्रतिशत मजबूत होकर 18,141.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 18,198.45 से 18,057.82 अंक तक चढ़ा-उतरा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 7.50 अंक या 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,428.10 अंक पर बंद हुआ। ढांचागत क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी ने 31 मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में 1,686.21 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि से 17.25 प्रतिशत अधिक है। एलएंडटी के शेयर में 5.92 प्रतिशत का लाभ दर्ज हुआ। गिरे भाव पर लिवाली निकलने से ओएनजीसी में तेजी लौटी और यह शेयर 1.20 प्रतिशत लाभ में रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज भी 1.45 प्रतिशत चढ़ गया। ब्याज दरों में वृद्धि की आशंका से रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। सात मई को समाप्त हुए सप्ताह में खाद्य मुद्रास्फीति घटकर 7.47 प्रतिशत पर आने और वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख से बाजार की धारणा मजबूत हुई। यूरोपीय बाजारों ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी से सकारात्मक संकेतों से भी बाजार की धारणा मजबूत हुई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com