खास बातें
- शेयर बाजार में रौनक लौटी और 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 308 अंक चढ़कर 18,519 अंक पर बंद हुआ।
मुंबई: नौ दिन की गिरावट के बाद बंबई शेयर बाजार में शुक्रवार को रौनक लौटी और 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 308 अंक चढ़कर 18,519 अंक पर बंद हुआ। कच्चे तेल तथा अन्य जिंसों की दाम घटने से निवेशकों ने निचले स्तर पर लिवाली की, जिससे सेंसेक्स 308.23 अंक या 1.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,518.81 अंक पर पहुंच गया। इससे पिछले नौ सत्रों में सेंसेक्स 1,392 अंक या 7.10 प्रतिशत लुढ़का था। यह पिछले एक दशक में सेंसेक्स में गिरावट का सबसे लंबा सिलसिला रहा। कारोबार के दौरान बाजार उपर में 18,568.48 अंक तक चला गया था। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 91.60 अंक या 1.68 अंक चढ़कर 5,551.45 अंक पर पहुंच गया। सभी वर्गों के सूचकांक 0.33 से 3.71 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। बैंकिंग, वाहन, आईटी, रीयल्टी और पूंजीगत वस्तुओं के शेयरों में अच्छी बढ़त रही। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। अमेरिका में कच्चे तेल का दाम 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया है। हालांकि, ब्रेंट क्रूड का दाम अभी भी 100 डालर से उपर बना हुआ है। बीपीसीएल का शेयर 3.62 प्रतिशत चढ़ा, एचपीसीएल में 2.83 प्रतिशत, आईओसी में 2.63 प्रतिशत और आयल इंडिया में 1.62 प्रतिशत की तेजी आई। भारत अपनी तेल जरूरतों का 75 प्रतिशत आयात से पूरा करता है। विश्लेषकों का कहना है कि यदि तेल कीमतांे में गिरावट जारी रहती है, तो सरकार पेट्रोलियम उत्पादों के दामों में बढ़ोतरी की योजना को फिलहाल रोक सकती है। आईआईएफएल के अनुसंधान प्रमुख :भारत निजी ग्राहक: अमर अंबानी ने कहा, कच्चे तेल और अन्य औद्योगिक जिंसों के दामों में गिरावट से निवेशकों का भरोसा लौटा है। इस तरह की लंबी गिरावट के बाद रिकवरी तो होनी ही थी। हालांकि उन्होंने निवेशकों को चेताते हुए कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा।