खास बातें
- डेयरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमूल ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अपने विभिन्न श्रेणियों के दूध के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है।
New Delhi: डेयरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमूल ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अपने विभिन्न श्रेणियों के दूध के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। हालांकि मदर डेयरी ने दूध के दाम नहीं बढ़ाए हैं। दिल्ली और एनसीआर में दूध बाजार में मदर डेयरी का कब्जा है। मदर डेयरी के एक सूत्र ने कहा, फिलहाल दूध के दामों में वृद्धि का कोई फैसला नहीं हुआ है। आणंद (गुजरात) स्थित अमूल दिल्ली, एनसीआर के दूध बाजार की एक अन्य प्रमुख खिलाड़ी है। अमूल ने विभिन्न श्रेणियों के 500 एमएल के पैक का दाम 1 रुपये तथा एक किलोग्राम के पैक का दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया है। यह मूल्यवृद्धि रविवार से लागू हो गई है। अब अमूल गोल्ड का दाम 34 रुपये से बढ़कर 36 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। इसी तरह अमूल ताजा का दाम 26 से बढ़कर 28 रुपये लीटर हो गया है। स्लिम एन ट्रिम के 500 एमएल के पैक का दाम 50 पैसे बढ़ाकर 12 रुपये किया गया है। हालांकि, 200 एमएल के पैक के दामों में कोई वृद्धि नहीं की गई है और यह 5 रुपये ही रहेगा। अमूल ने दूध के दामों में वृद्धि की सूचना विभिन्न अखबारों में विज्ञापन के जरिये भी दी है। अमूल के सूत्रों का कहना है कि लागत वृद्धि की वजह से दूध के दाम बढ़ाए गए हैं।