यह ख़बर 28 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

एयर इंडिया ने कहा, बकाये का भुगतान करे सरकार

खास बातें

  • एयर इंडिया ने सरकार से अतिविशिष्ट व्यक्तियों की यात्रा और संकटग्रस्त देशों से भारतीयों को लाने के लिए भरी उड़ानों के बकाये का तुरंत भुगतान करने का आग्रह किया।
नई दिल्ली:

खस्ताहाली और प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझ रही सरकारी एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ने सरकार से अतिविशिष्ट व्यक्तियों की यात्रा और संकटग्रस्त देशों से भारतीयों को लाने के लिए भरी गई उड़ानों के बकाये का 1,150 करोड़ रुपये का तुरंत भुगतान करने का आग्रह किया है। एयर इंडिया प्रबंधन ने सरकार की तरफ के इस बकाये भुगतान के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र भेजा है। कंपनी ने सरकार से 1200 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी डालने का काम भी जल्द पूरा करने का आग्रह किया है। इसके लिए 2011-12 के बजट में प्रावधान किया गया है। कंपनी सूत्रों के अनुसार यह राशि मिलने से कंपनी को मौजूदा संकटग्रस्त परिस्थितियों का सामना करने में काफी कुछ राहत मिलेगी। उल्लेखनीय है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन ने समय पर भुगतान नहीं मिलने की वजह से एयर इंडिया को विमान ईंधन की आपूर्ति प्रतिदिन 500 किलोलीटर तक कम करने का फैसला किया है। इसके अलावा दिल्ली और हैदराबाद हवाईअड्डों का संचालन करने वाली कंपनियों ने भी एयर इंडिया पर बकाये का भुगतान करने का दबाव बढ़ा दिया है। इस स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया ने कुछ क्षेत्रों में उड़ने वाली 13 उड़ानों को एकजुट कर उड़ाने का फैसला किया है। दूसरी तरफ, ईंधन की तंगी को दूर करने के लिए कंपनी ने अपने विमानों के ईंधन टैंक दुबई, लंदन, पेरिस, फ्रेंकफुर्ट और बैंकाक जैसे स्थानों से भरने का फैसला किया है, इन स्थानों पर ईंधन के दाम भारत की तुलना में काफी कम हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com