खास बातें
- पायलटों की हड़ताल खत्म होने के दो दिन बाद भी एयर इंडिया की लगभग 50 फीसदी उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं।
मुंबई: पायलटों की हड़ताल खत्म होने के दो दिन बाद भी एयर इंडिया की लगभग 50 फीसदी उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं क्योंकि पूरे संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में यात्री ही नहीं मिले। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि शाम छह बजे तक एयरलाइन ने नगर से अपने 60 फीसदी उड़ानों को संचालित किया जबकि संपूर्ण रूप से 50 फीसदी उड़ानों का ही संचालन हो सका। एयर इंडिया मुंबई से करीब 50 उड़ानें संचालित करती हैं और देशभर में 350 उड़ानों का संचालन करती है। एयरलाइन ने कहा कि मंगलवार से सामान्य परिचालन की उम्मीद है। एयरलाइन के एक अधिकारी ने कहा, अगर हमें बुकिंग नहीं मिलती है तो खाली विमान उड़ाना बुद्धिमानी नहीं है। हड़ताल से पहले की स्थिति में लौटने में करीब 36 घंटे और लगेंगे। पायलटों की 10 दिन के हड़ताल के बाद एयर इंडिया ने नई बुकिंग शुरू कर दी है। पायलटों ने शुक्रवार की रात को हड़ताल वापस ले ली थी। हड़ताल के तीसरे दिन एयर इंडिया ने नई बुकिंग खत्म कर दी थी और घरेलू नेटवर्क में करीब दस फीसदी उड़ानें ही संचालित हो पा रही थीं।