खास बातें
- एयर इंडिया के करीब 600 पायलटों की हड़ताल लगातार पांचवें दिन जारी रही। इसकी वजह से विमानन कम्पनी की 90 फीसदी घरेलू उड़ानें बाधित हुईं।
मुम्बई: एयर इंडिया के करीब 600 पायलटों की हड़ताल रविवार को लगातार पांचवें दिन जारी रही। इसकी वजह से विमानन कम्पनी की 90 फीसदी घरेलू उड़ानें बाधित हुईं। रविवार दोपहर तक मुम्बई, नई दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद और अन्य हवाईअड्डों से घरेलू मार्गों पर कुल 19 उड़ानें संचालित की गईं, 13 उड़ानें अपने पूर्व निर्धारित समय पर थी, जबकि छह उड़ानों के समय में देरी हुईं। पायलटों की कमी के कारण एयर इंडिया की उड़ानें अगले सप्ताह भी बाधित रहेंगी। कम्पनी ने अपने वेबसाइट पर छह मई तक के लिए उड़ानों के कार्यक्रम लगा दिए हैं। अगले सप्ताह कम्पनी बड़े आकार वाले बी-747 और बी-777 श्रेणी के विमान घरेलू मार्गों पर लगाएगी। इस बीच एयर इंडिया की अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें और उसकी सहायक कम्पनियों एयर इंडिया एक्सप्रेस और एलायंस एयर की उड़ानें सामान्य रहीं। इसके साथ ही एयर इंडिया रद्द की गई उड़ानों के यात्रियों को दूसरी विमानन कम्पनियों के विमानों से भेजने की भी व्यवस्था कर रही है। भारतीय वाणिज्यिक पायलट संघ के पायलट मंगलवार मध्यरात्रि से हड़ताल पर हैं। वह अपने अन्य साथियों के समान वेतन की मांग कर रहे हैं। पायलटों की हड़ताल रविवार को पांचवें दिन जारी रहने से एयर इंडिया ने कोलकाता में अपनी 11 उड़ानें रद्द की हैं और कुछ उड़ानों को नई समय-सारणी के अनुरूप संचालित किया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, "आज हमने 10 उड़ानों के संचालन की नई समय-सारणी जारी की है। इनमें से पांच उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं और पांच अन्य का दिन के अंत तक संचालन किया जाएगा।"