खास बातें
- सीबीआई सूत्रों ने कहा कि जांच अधिकारियों की भारी कमी से जूझ रही जांच एजेन्सी 31 जुलाई तक घोटाले में अपनी जांच पूरी कर लेगी।
नई दिल्ली: सीबीआई 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में अपनी जांच तीन महीने में पूरी कर लेगी एवं और दो आरोपपत्र दाखिल करेगी जिनमें मामले में कथित आरोपी फर्मों का नाम होगा। सीबीआई सूत्रों ने कहा कि जांच अधिकारियों की भारी कमी से जूझ रही जांच एजेन्सी 31 जुलाई तक घोटाले में अपनी जांच पूरी कर लेगी। एजेन्सी पहले ही पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा, द्रमुक सांसद एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की पुत्री कनिमोई, डीबी रीयल्टी के शाहिद बलवा एवं आसिफ बलवा, युनिटेक के संजय चन्द्रा और विभिन्न दूरसंचार फर्मों एवं नौकरशाहों को आरोपी बना चुकी है। सीबीआई ने मामले में दो आरोप पत्र दाखिल किए हैं जिसमें उसने आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षडयंत्र और भ्रष्टाचाररोधी कानून की संबंधित धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा, हम 31 जुलाई तक जांच पूरी कर लेंगे। मामले में और दो आरोपपत्र दाखिल किए जाएंगे। सीबीआई निदेशक ने हाल ही में कहा था कि जांच एजेन्सी करीब 30 अधिकारियों की कमी का सामना कर रही है और विभिन्न अदालतों में 10,000 से अधिक मामले लंबित हैं।