विज्ञापन

TCS के 5.84 लाख कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! कंपनी ने मुनाफे में 29% उछाल के बाद सैलरी बढ़ाने का किया ऐलान

TCS Salary Hike 2026: TCS ने 1 अप्रैल 2026 से सभी ग्रेड के लिए सैलरी हाइक का ऐलान किया है. कंपनी का Q4 मुनाफा 29% बढ़ा है, हालांकि आज शेयर बाजार में टीसीएस का स्टॉक 3% गिर गया है.

TCS के 5.84 लाख कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! कंपनी ने मुनाफे में 29% उछाल के बाद सैलरी बढ़ाने का किया ऐलान
TCS Q4 Results: वित्त वर्ष 2025-26 की आखिरी तिमाही में टीसीएस ने शानदार नतीजे पेश किए हैं.

TCS Results: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अपने कर्मचारियों के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है. कंपनी ने  ऐलान किया है कि 1 अप्रैल 2026 से सभी जॉब रोल्स और ग्रेड के कर्मचारियों की सैलरी बढ़ा दी जाएगी. यह घोषणा कंपनी के चौथे तिमाही (Q4) के शानदार नतीजों के बाद आई है, जिसमें टीसीएस ने मुनाफे में 29% की बंपर बढ़त दर्ज की है. 

हालांकि, शानदार नतीजों के बावजूद आज शेयर बाजार में टीसीएस के शेयरों पर थोड़ा दबाव दिख रहा है. आइए जानते हैं सैलरी हाइक से लेकर कंपनी के रिपोर्ट कार्ड तक की हर बड़ी बात....

सैलरी हाइक का हुआ ऐलान, AI स्किल्स पर रहेगा जोर

टीसीएस के चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर (CHRO) सुदीप कुन्नुमल ने कन्फर्म किया है कि कंपनी सालाना सैलरी इंक्रीमेंट (Annual Salary Increase) को 1 अप्रैल से लागू कर रही है. उन्होंने बताया कि चौथी तिमाही में कंपनी ने अनुभवी टैलेंट और कैंपस हायरिंग के जरिए अपनी टीम को और मजबूत किया है. कंपनी की प्राथमिकता अब 'AI फर्स्ट कल्चर' बनाने की है, ताकि कर्मचारी भविष्य की जरूरतों और एआई स्किल्स के लिए पूरी तरह तैयार रहें.

TCS का दमदार रिपोर्ट कार्ड, मुनाफा और रेवेन्यू बढ़ा

वित्त वर्ष 2025-26 की आखिरी तिमाही में टीसीएस ने शानदार नतीजे पेश किए हैं.

  • नेट प्रॉफिट: 29% उछाल के साथ ₹13,718 करोड़ रहा जो पिछले साल इसी तिमाही में ₹10,657 करोड़ था.
  • कुल रेवेन्यू: 5.4% की बढ़त के साथ ₹70,698 करोड़ के स्तर पर पहुंच गया.
  • मार्जिन: कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन 25.3% रहा, जो पिछले तिमाही से थोड़ा बेहतर है.

मार्च तिमाही के अंत तक टीसीएस के कुल कर्मचारियों की संख्या 5,84,519 हो गई है. खास बात यह है कि कंपनी में महिलाओं की हिस्सेदारी 35.2% है. मार्च तिमाही में कंपनी ने 2,000 से ज्यादा नए कर्मचारी जोड़े हैं. हालांकि, नौकरी छोड़ने की दर (Attrition Rate) में मामूली बढ़त हुई है और यह 13.5% से बढ़कर 13.7% पहुंच गई है. 

आपको बता दें कि जुलाई 2025 में कंपनी ने रीस्ट्रक्चरिंग के तहत वर्कफोर्स में 2% की कटौती की योजना भी बनाई थी.

शेयरहोल्डर्स के लिए ₹31 डिविडेंड का ऐलान, शेयर भाव में गिरावट

टीसीएस ने अपने निवेशकों को भी निराश नहीं किया है. कंपनी ने कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अपने निवेशकों के लिए ₹31 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड (Final Dividend) की सिफारिश की है. पूरे वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने डिविडेंड के रूप में कुल ₹39,571 करोड़ बांटे हैं.हालांकि, अच्छे नतीजों के बावजूद, आज ,शुक्रवार, 10 अप्रैल को टीसीएस के शेयरों की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. सुबह 10:15 बजे तक NSE पर शेयर 3.02% गिरकर ₹2,510.70 के भाव पर ट्रेड कर रहा था. 

लेखक के बारे में
img
अनिशा कुमारी
Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
TCS Dividend, TCS Q4 Results, TCS Salary Hike, TCS Share Price, Tcs Results, Tcs News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com