भारतीय शेयर बाजार में आज तेजी देखी जा रही है. दो दिन की गिरावट के बाद आज शुक्रवार को मार्केट हरे निशान में खुला और थोड़ी ही देर में बढ़त 1 फीसदी के करीब पहुंच गई. BSE-सेंसेक्स 0.84 फीसदी या 600 अंकों से ज्यादा के उछाल के साथ 72,200 के पार पहुंच गया. वहीं NSE- निफ्टी 50 में भी 0.89 फीसदी या करीब 200 अंकों का उछाल देखा गया. सुबह करीब 9:40 बजे ये 22,420 के पार कारोबार करता दिखा
बाजार में इस तेजी के पीछे IT शेयरों में उछाल एक बड़ी वजह बना. सेंसेक्स पैक में इंफोसिस, TCS, टेक महिंद्रा, HCL टेक जैसे शेयर अगुवाई करते दिखे. इन शेयरों में 1 से 5 फीसदी तक का उछाल देखा गया.
भारतीय आईटी कंपनियों पर अमेरिका में ट्रंप प्रशासन की कार्रवाइयों के बावजूद यहां शेयरों में तेजी देखी जा रही है. अमेरिकी श्रम विभाग ने गुरुवार को कई बड़ी तकनीकी और आईटी कंपनियों का परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम सस्पेंड कर दिया है. इस सूची में माइक्रोसॉफ्ट, TCS, कॉग्निजेंट, इंफोसिस जैसी कंपनियां भी शामिल हैं.
जानकारों का कहना है कि अमेरिका की कार्रवाइयों के बाद कंपनियों की ओर से समय रहते दिए गए क्लेरिफकेशन के चलते आईटी कंपनियों के शेयरों पर असर नहीं दिखा, बल्कि इसके विपरीत शेयर और चढ़ गए. वहीं TCS ने गुरुवार को दूसरी तिमाही के नतीजे भी जार किए हैं, जो कि शानदार रहे हैं. कंपनी का रेवेन्यू और नेट प्रॉफिट, दोनों ही जबरदस्त बढ़ा है.
TCS के शेयर 5 फीसदी तक चढ़े, इंफोसिस भी 3 फीसदी से ज्यादा उछला
25 शेयरों वाले सेंसेक्स पैक में रिलायंस, BEL और ICICI बैंक को छोड़कर सभी शेयर्स ग्रीन में कारोबार करते दिखे. TCS के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा उछाल देखने को मिला. 5.1% के उछाल के साथ ये शेयर एक घंटे के भीतर 2,181 रुपये के पार चला गया. वहीं HCL टेक के शेयरों में 2 फीसदी का उछाल देखा गया और ये 1,525 रुपये के पार पहुंच गया. इंफोसिस के शेयर 3.।8 फीसदी उछल कर 1,026 रुपय के करीब पहुंच गए.

TCS की आय बढ़ी, मुनाफा भी बढ़ा
TCS के Q2 रिजल्ट्स भी बेहतर रहे हैं, जिनका असर देखा जा रहा है. गुरुवार को कंपनी ने नतीजे जारी किए. इसके मुताबिक कंपनी की आय सालाना आधार पर 11 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है. ये आंकड़ा 73,188 करोड़ रहा. वहीं नेट प्राॅफिट 15 फीसदी ग्रोथ के साथ 13,884 करोड़ पहुंच गया. कंपनी ने निवेशकों को 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है.
IT कंपनियों ने क्या जवाब दिया?
आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अमेरिकी सरकार के आरोपों पर शुक्रवार सुबह बयान जारी कर जवाब दिया. TCS ने कहा, ‘हमने अमेरिका सरकार द्वारा पर्मानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम (PERM) को लेकर की गई घोषणा पर ध्यान दिया है और TCS श्रम विभाग (Department of Labour) के निर्देशों का पालन करेगी.'
कंपनी ने कहा, 'अमेरिका में हमारी वर्कफोर्स स्ट्रैटजी स्थानीय प्रतिभाओं की भर्ती पर आधारित है, जिसे मजबूत कैंपस भर्ती मॉडल का सपोर्ट प्राप्त है. हमने पूरे अमेरिका में 31 कार्यालयों और डिलीवरी केंद्रों के माध्यम से एक बड़ा लेकल वर्कफोर्स तैयार किया है. हमने अगले पांच वर्षों में अमेरिका में अतिरिक्त 15,000 लोगों की भर्ती करने की योजना बनाई है.'
कंपनी ने आगे ये भी कहा कि पिछले दो वर्षों में हमारे PERM आवेदन एकल अंक (Single Digits) में रहे हैं, इसलिए हमें नहीं लगता कि इस कार्यक्रम के निलंबन का हमारी कार्यबल रणनीति या ग्राहकों के साथ जुड़ाव पर कोई प्रभाव पड़ेगा.'
यह भी पढ़ें | Reliance Share: एलन मस्क का एक पोस्ट और भरभराए रिलायंस के शेयर, मार्केट को भी झटका, पूरा मामला समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं