विज्ञापन

NSE EGRs: बिना गहने या सिक्के खरीदे बनना चाहते हैं सोने के मालिक? यह नया तरीका जान लीजिए

NSE EGRs: इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट यानी ईजीआर उन लोगों के लिए सोने में निवेश का एक बेहतर ऑप्शन है, जो गहने या सिक्के खरीदे बिना डिजिटल तरीके से गोल्ड में निवेश करना चाहते हैं.

NSE EGRs: बिना गहने या सिक्के खरीदे बनना चाहते हैं सोने के मालिक? यह नया तरीका जान लीजिए
NSE EGRs: डीमैट अकाउंट में मिलेगा गोल्ड

NSE EGRs: भारत में सोने को हमेशा से निवेश का सेफ ऑप्शन माना जाता रहा है. लोग शादी-ब्याह से लेकर दिवाली और धनतेरस जैसे त्योहारों पर सोने के गहने, सिक्के और बार खरीदते हैं. हालांकि, फिजिकल गोल्ड खरीदने के साथ उसकी शुद्धता, सुरक्षा और रखने की चिंता भी जुड़ी होती है. लेकिन अब आप बिना सोना घर लाए भी इसमें निवेश कर सकते हैं. इसके लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGRs) की सुविधा शुरू की है. 

क्या होता है EGRs

इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (EGR) एक तरह का डिजिटल सर्टिफिकेट है, जो बताता है कि आपके पास कितने सोने का मालिकाना हक है. इसमें सोना आपके पास रखने के बजाय सेबी (SEBI) से मान्यता प्राप्त सेफ वॉल्ट में रखा जाता है. इसके बदले निवेशक को डिजिटल रिसीट मिलती है, जो उसके डीमैट अकाउंट में रखी जाती है. एनएसई ने इस साल मई में EGR के लिए अलग सेगमेंट लॉन्च किया था. इसके जरिए निवेशक शेयरों की तरह स्टॉक एक्सचेंज पर सोना खरीद और बेच सकते हैं. जरूरत पड़ने पर इसे फिजिकल गोल्ड में बदलने का ऑप्शन भी मिलता है.

EGR में निवेश के फायदे

EGR में निवेश करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको सोना खरीदकर घर में रखने की जरूरत नहीं होती. इसके चोरी होने ने की चिंता भी नहीं रहती. इसमें पूरे देश में एक समान कीमत की व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है. इसके अलावा निवेशक अपनी सुविधा के अनुसार सोने की खरीद-बिक्री कर सकते हैं. एक ही शुद्धता और वजन वाले गोल्ड को आपस में बदला जा सकता है. 

कैसे खरीद सकते हैं NSE के EGR?

EGR खरीदने के लिए सबसे पहले आपको ऐसे स्टॉक ब्रोकर के पास ट्रेडिंग और डीमैट अकाउंट होना चाहिए, जो NSE के इस सेगमेंट में कारोबार की सुविधा देता हो. ध्यान रखें कि सभी ब्रोकर अभी EGR की सुविधा नहीं देते हैं, इसके बाद अपने ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करें और गोल्ड एक्सचेंज सेगमेंट में जाएं. यहां अपनी जरूरत के मुताबिक 1 ग्राम या 10 ग्राम जैसे ऑप्शन चुनें. लाइव कीमत देखने के बाद ठीक उसी तरह ऑर्डर लगाएं, जैसे आप शेयर खरीदते समय लगाते हैं. खरीदारी पूरी होने के बाद EGR अगले ट्रेडिंग डे यानी T+1 पर आपके डीमैट अकाउंट में क्रेडिट हो जाता है. 

शुद्धता की भी नहीं रहेगी चिंता

इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट में निवेश का एक और फायदा सोने की शुद्धता से जुड़ा है. इसमें वही सोना शामिल किया जा सकता है, जो लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन (LBMA) और ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) के तय स्टैंडर्ड पर खरा उतरता है. इससे निवेशकों को सोने की शुद्धता की चिंता नहीं करनी पड़ती है.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold, NSE, EGR, Personal Finance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com