दालों की कीमतों में बढ़ोतरी और महंगाई की चिंता के बीच NITI आयोग के उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने देश में दाल और तिलहन का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया है. उन्होंने कहा कि भारत को इन दोनों फसलों के मामले में आयात पर निर्भरता कम करनी होगी. इसके लिए किसानों को फसल विविधीकरण यानी क्रॉप डायवर्सिफिकेशन अपनाने की जरूरत है.
NDTV से बातचीत में अशोक लाहिड़ी ने कहा कि भारत दालों का आयात करता है. देश में दाल और तिलहन का उत्पादन बढ़ाना बहुत जरूरी है. इन दोनों फसलों के लिए ज्यादा पानी की भी जरूरत नहीं होती है. ऐसे में किसानों को इनकी बुवाई बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, 'अगर हम सिर्फ चावल और गेहूं उगाने पर ही लगे रहेंगे, तो ये समस्या खत्म नहीं होगी. हमें दाल और तिलहन का उत्पादन बढ़ाना होगा और आयात पर निर्भरता कम करनी होगी.'
देश में जमीन, किसान और बाजार, फिर भी क्यों नहीं बढ़ रहा उत्पादन?
अशोक लाहिड़ी ने कहा कि भारत के पास खेती के लिए जमीन है, किसान हैं और बाजार भी मौजूद है. इसके बावजूद दाल और तिलहन का उत्पादन जिस स्तर पर बढ़ना चाहिए, वैसा नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि इसके पीछे कहीं न कहीं कोई कमी या विफलता है.
उन्होंने कहा, 'हम बहुत दिन से ये लड़ाई लड़ रहे हैं, ये एक दिन की समस्या नहीं है.'
लाहिड़ी के मुताबिक, किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ दूसरी फसलों की ओर भी प्रोत्साहित करना होगा. चावल और गेहूं पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता कम करके दाल और तिलहन की खेती बढ़ाने से आयात पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है.
PLI स्कीम में निवेश का 76% और उत्पादन का 64% लक्ष्य हासिल
NITI आयोग की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम की इम्पैक्ट असेसमेंट रिपोर्ट पर बात करते हुए अशोक लाहिड़ी ने बताया कि रिपोर्ट में चार प्रमुख पहलुओं का आकलन किया गया है. इनमें कंपनियों को कितना इंसेंटिव दिया गया, कितना निवेश हुआ, कितना उत्पादन हुआ और कितने रोजगार पैदा हुए, ये शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि PLI स्कीम के तहत निवेश का 76% लक्ष्य हासिल हुआ है, जबकि उत्पादन का लक्ष्य 64% तक पूरा हुआ है.
मेडिकल इक्विपमेंट सेक्टर पर सबसे ज्यादा चिंता
PLI स्कीम के प्रदर्शन में अशोक लाहिड़ी ने मेडिकल इक्विपमेंट सेक्टर को लेकर खास चिंता जताई. उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा निराशा इस बात से होती है कि भारत के अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली मेडिकल मशीनें अब भी विदेशों से खरीदी जा रही हैं.
उन्होंने बताया कि वो एक दिन पहले ही अस्पताल गए थे. वहां उन्होंने जो भी मशीनें देखीं, वे विदेश से खरीदी गई थीं.
लाहिड़ी ने कहा, 'हमारे पास बेहतरीन इंजीनियर हैं और बेहतरीन डॉक्टर भी हैं. मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं, जब भारत के अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाला हर मेडिकल इक्विपमेंट देश में ही बना हो.'
उनके मुताबिक, PLI स्कीम के तहत निवेश और उत्पादन के लक्ष्य हासिल करने के साथ-साथ भारत में मेडिकल उपकरणों का मजबूत घरेलू मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार करना भी एक बड़ी चुनौती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं