India-EU FTA: भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से भारत और नीदरलैंड्स के बीच व्यापार और निवेश बढ़ने की उम्मीद है. भारत के राजदूत कुमार तुहीन ने NDTV से बातचीत में कहा कि नीदरलैंड्स पहले से ही भारत के लिए एक अहम व्यापारिक साझेदार है. भारत के कुल मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट में नीदरलैंड्स दूसरे स्थान पर है, जबकि भारत में विदेशी निवेश के मामले में यह चौथे स्थान पर है. उन्होंने ने बताया कि FTA के लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे. इसके साथ ही उन्होंने नीदरलैंड्स में भारतीय डायस्पोरा की बढ़ती भूमिका और दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर भी बात की.
भारत-नीदरलैंड्स के बीच बढ़ेगा व्यापार और निवेश
भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच होने वाले फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) को लेकर नीदरलैंड्स का उद्योग जगत काफी उत्साहित है. NDTV से बातचीत में भारत के राजदूत कुमार तुहीन ने कहा कि इस समझौते से भारत और नीदरलैंड्स के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खुलेंगे. उन्होंने कहा कि नीदरलैंड्स पहले से ही हमारे मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट के लिए एक अहम बाजार है. भारत के कुल मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट में नीदरलैंड्स दूसरे स्थान पर है. वहीं, विदेशी निवेश के मामले में नीदरलैंड्स चौथे स्थान पर है. ऐसे में FTA के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है.
सिर्फ कारोबार नहीं, भरोसे की साझेदारी
नीदरलैंड्स भारत को एक बड़े बाजार के रूप में देखता है, लेकिन दोनों देशों के रिश्ते केवल कारोबार तक सीमित नहीं हैं. राजदूत कुमार तुहीन ने कहा कि नीदरलैंड्स भारत को एक भरोसेमंद साझेदार के रूप में भी देखता है, जिसके साथ मिलकर कई क्षेत्रों में काम किया जा सकता है.
पीएम मोदी की यात्रा के बाद खुले नए रास्ते
उन्होंने बताया कि एग्रीकल्चर के अलावा हेल्थ, फार्मास्यूटिकल्स और वॉटर जैसे सेकर्ट में भी दोनों देशों के बीच अच्छा सहयोग चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के बाद सहयोग के कई नए रास्ते खुले हैं. उम्मीद है कि इन क्षेत्रों में भी काम की रफ्तार बढ़ेगी और दोनों देशों के बीच साझेदारी मजबूत होगी.
नीदरलैंड्स में सबसे बड़ा भारतीय डायस्पोरा
नीदरलैंड्स में भारतीय समुदाय की संख्या करीब 3 लाख है, जो यूरोपीय महाद्वीप में सबसे बड़ी भारतीय डायस्पोरा आबादी है. कुमार तुहीन ने बताया कि पिछले कुछ समय में भारत से आए प्रोफेशनल्स और एक्सपर्ट्स की वजह से वहां भारतीय समुदाय का प्रोफाइल भी बदला है.उन्होंने यह भी बताया कि नीदरलैंड्स की अलग-अलग यूनिवर्सिटी में करीब 3,500 भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं. इससे दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर संपर्क और सहयोग को भी मजबूती मिल रही है.
यह भी पढ़ें | India-EU FTA: 4 महीने में लागू होगी 'मदर ऑफ ऑल डील्स', FICCI के आनंद स्वरूप बोले- खत्म करनी होगी लालफीताशाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं