Lowest Home Loan Car Loan Interest Rate 2026: अगर आप नया घर खरीदने, फ्लैट बुक करने या नई कार लेने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है. दरअसल भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की आगामी मौद्रिक नीति (Monetary Policy) समीक्षा से पहले ही सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) ने ब्याज दरों में बड़ी कटौती का ऐलान कर दिया है.
बैंक ने अपने ग्राहकों को मानसून धमाका ऑफर के तहत सीमित अवधि ये घोषणा की है, जिसके तहत होम लोन की शुरुआती ब्याज दर को 10 बेसिस प्वाइंट (0.10%) घटाकर 7% सालाना कर दिया गया है. बैंक ने ब्याज में छूट के साथ प्रोसेसिंग फीस भी 100% माफ करने का ऐलान किया है.
बैंक ग्राहकों को दे रहा है ट्रिपल बेनिफिट
बैंक ऑफ महाराष्ट्र मानसून ऑफर के तहत ग्राहकों के लिए ट्रिपल बेनिफिट लेकर आया है. बैंक ने जहां होम लोन की शुरुआती ब्याज दर 7.10% से घटकर अब 7.00% कर दी है, जो बैंकिंग इंडस्ट्री में सबसे कम दरों में से एक है. इसके अलावा, बैंक ने कार लोन की शुरुआती ब्याज दर घटाकर 7.45% कर दी है. इसके साथ ही बैंक ने होम लोन और कार लोन दोनों पर प्रोसेसिंग फीस और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज को पूरी तरह से माफ कर दिया है.
EMI का बोझ काफी हद तक कम होगा
बैंक की ओर से ग्राहकों को मानसून ऑफर के तहत ब्याज में कमी और प्रोसेसिंग व डॉक्यूमेंटेशन चार्ज खत्म करने के फैसले के साथ ही कहा गया है कि कम ब्याज दर के साथ प्रोसेसिंग और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज खत्म करने से ग्राहकों पर ईएमआई का बोझ काफी हद तक कम होगा और उनका अपने सपनों का घर व गाड़ी खरीदने का सपना आसानी से पूरा हो सकेगा.
जानिए आपकी जेब पर कितना कम होगा बोझ
बैंक की ओर से दी गई छूट के बाद आइए समझते हैं कि होम लोन की दरें 7.10% से घटकर 7.00% होने पर 30 लाख , 50 लाख रुपये और 75 लाख रुपये के लोन पर 20 साल की अवधि के लिए आपकी मासिक किश्त (EMI) और कुल बचत में कितना अंतर आएगा?
| होम लोन राशि | पुरानी दर 7.10% पर EMI | नई दर 7.00% पर EMI | हर महीने बचत | 20 साल में कुल बचत |
| 30 लाख रुपये | 23,439 रुपये | 23,259 रुपये | 180 रुपये | 43,200 रुपये |
| 50 लाख रुपये | 39,065 रुपये | 38,765 रुपये | 300 रुपये | 72,000 रुपये |
| 75 लाख रुपये | 58,598 रुपये | 58,147 रुपये | 451 रुपये | 1,08,240 रुपये |
यानी 30 लाख रुपये के 20 साल के लोन पर 43,200 रुपये की बचत होगी. वहीं, 30 लाख रुपये के 20 साल के लोन पर 72,000 रुपये की बचत होगी और 75 लाख रुपये के 20 साल के लोन पर 1,08,240 रुपये की बचत होगी. इसके अलावा प्रोसेसिंग और डॉक्यूमेंटेशन फीस माफ होने से भी 5,000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की सीधी बचत होगी.
कार लोन लेने वालों के लिए भी सुनहरा मौका
अगर आप कार लोन लेने की सोच रहे हैं, तो 7.45% की शुरुआती ब्याज दर का लाभ उठाकर आप काफी बचत कर सकते हैं. इसे ऐसे समझे कि अगर आप 10 लाख का कार लोन 7 साल के लिए लेते हैं, तो 7.45% ब्याज दर पर आपकी मासिक ईएमआई लगभग ₹15,310 बनेगी.
ऐसे उठाएं मानसून ऑफर का लाभ
बैंक ऑफ महाराष्ट्र का यह मानसून धमाका ऑफर एक सीमित समय के लिए ही उपलब्ध है. इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए ग्राहक अपने नजदीकी Bank of Maharashtra की शाखा में संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए डिजिटल रूप से सीधे अप्लाई कर सकते हैं. हालांकि, लोन अपलाई करने से पहले अपना सिबिल स्कोर जरूर चेक कर लें, क्योंकि बैंकों की ओर से बेहतर सिबिल स्कोर वाले ग्राहकों को प्राथमिकता के आधार पर लोन दिया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं