विज्ञापन

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, ब्रेंट 95 डॉलर के करीब, क्या पेट्रोल-डीजल होंगे सस्ते?

Crude Oil Price Today: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है. होर्मुज से तेल की सप्लाई सुधरने और अमेरिका के शिपिंग नियमों में छूट देने से बाजार में एडिशनल सप्लाई की आशंका बढ़ी है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी ने भी इस साल की चौथी तिमाही में मांग से ज्यादा तेल उपलब्ध होने का अनुमान जताया है.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, ब्रेंट 95 डॉलर के करीब, क्या पेट्रोल-डीजल होंगे सस्ते?
तेल की किल्लत खत्म होने के संकेत!

Crude Oil Price Today: इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई. बाजार में तेल की सप्लाई बढ़ने की आशंका से कीमतों पर दबाव बना हुआ है. दरअसल, कई महीनों की रुकावट के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की सप्लाई युद्ध से पहले के लेवल के करीब पहुंच गई है. इसके अलावा अमेरिका ने भी अपने बंदरगाहों के बीच तेल और ईंधन की ढुलाई से जुड़े प्रतिबंधों में ढील दी है. इससे आने वाले महीनों में बाजार में कच्चे तेल की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है. 

सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी कच्चे तेल WTI का वायदा भाव 21 सेंट यानी 0.24 फीसदी गिरकर 88.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, इंटरनेशनल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 44 सेंट यानी 0.46 फीसदी टूटकर 95.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई.

डिमांड से ज्यादा हो सकती है कच्चे तेल की सप्लाई

इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में अनुमान जताया कि इस साल की चौथी तिमाही में ग्लोबल ऑयल मार्केट में सप्लाई मांग से ज्यादा हो सकती है। एजेंसी ने पहले बाजार में तेल की कमी रहने का अनुमान लगाया था, लेकिन अब उसने अपना अनुमान बदल दिया है. आईईए के मुताबिक, चौथी तिमाही में दुनियाभर में कच्चे तेल की औसत सप्लाई 10.5 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक पहुंच सकती है. यह अनुमानित मांग से करीब 17 लाख बैरल प्रतिदिन ज्यादा होगी. मिडिल ईस्ट से तेल का निर्यात बढ़ने की रफ्तार दुनिया में तेल की मांग बढ़ने की रफ्तार से ज्यादा रहने की उम्मीद है.

अमेरिका ने तेल भंडार से 7.1 करोड़ बैरल जारी करने की तैयारी की

IEA ने यह भी बताया कि उसके सदस्य देशों की ओर से मार्च में आपातकालीन तेल भंडार से तेल जारी करने की जो रिकॉर्ड घोषणा की गई थी, उसमें से 7.1 करोड़ बैरल तेल फरवरी के अंत तक बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा. इसमें 1.5 करोड़ बैरल डीजल भी शामिल है. इसका मकसद बाजार में डीजल की कमी को कम करना है.

एक हफ्ते में 16% तक टूट चुका है कच्चा तेल

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला पिछले सप्ताह से ही जारी है. पिछले शुक्रवार को भी दोनों प्रमुख बेंचमार्क गिरावट के साथ बंद हुए थे. अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ जारी युद्ध से जुड़े जियो-पॉलिटिकल रिस्क कम होने के संकेतों के बीच कारोबारियों ने तेल की कीमतों में गिरावट का दांव लगाया. पिछले हफ्ते WTI क्रूड की कीमत में करीब 16 फीसदी और ब्रेंट क्रूड में 13 फीसदी की गिरावट आई थी. 

अमेरिका ने शिपिंग नियमों में दी 90 दिन की और छूट

तेल की कीमतों पर दबाव की एक और वजह अमेरिका का जोन्स एक्ट से जुड़े प्रतिबंधों में 90 दिनों की अतिरिक्त छूट देने का फैसला है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस छूट को आगे बढ़ाया है. जोन्स एक्ट के तहत अमेरिका के एक बंदरगाह से दूसरे बंदरगाह तक सामान ले जाने के लिए आमतौर पर अमेरिकी झंडे वाले जहाजों का इस्तेमाल जरूरी होता है. इस नियम में छूट मिलने से विदेशी जहाज भी अमेरिका के घरेलू बंदरगाहों के बीच कच्चा तेल, पेट्रोल और डीजल की ढुलाई कर सकेंगे. इससे तेल ले जाने के लिए जहाजों की उपलब्धता बढ़ सकती है और सप्लाई आसान हो सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crud Oil, Business News, Business News Latest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com