Bhai Dooj 2026: भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और विश्वास का प्रतीक है. इस मौके पर भाई अपनी बहन को मिठाई, कपड़े और दूसरे गिफ्ट देते हैं. कई भाई ऐसे भी होते हैं जो बहन को आर्थिक मदद के तौर पर पैसे देना पसंद करते हैं. कोई 50 हजार रुपये तो कोई 5 लाख रुपये तक बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बहन को दिया गया यह पैसा टैक्स-फ्री होता है या इस पर इनकम टैक्स देना पड़ सकता है?
भाई से मिले गिफ्ट पर नहीं लगता इनकम टैक्स
इनकम टैक्स एक्ट, 2025 के तहत भाई-बहन के बीच पैसों का लेनदेन टैक्स के दायरे से बाहर रखा गया है. यह नया कानून 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुका है. इसके सेक्शन 92(3) के मुताबिक, अगर किसी शख्स को उसके भाई या बहन से पैसे या कोई दूसरा गिफ्ट मिलता है तो उस पर इनकम टैक्स नहीं लगता. इसका मतलब है कि अगर भाई भाई दूज पर अपनी बहन के बैंक खाते में 5 लाख रुपये ट्रांसफर करता है तो बहन को इस रकम पर कोई इनकम टैक्स नहीं देना होगा. इस छूट की कोई मैक्सिम लिमिट तय नहीं है यानी भाई अपनी बहन को 5 लाख, 10 लाख या इससे ज्यादा रकम भी गिफ्ट कर सकता है. यही नियम बहन की ओर से भाई को दिए गए गिफ्ट पर भी लागू होता है. यह छूट सिर्फ भाई दूज के दिन मिलने वाले गिफ्ट तक सीमित नहीं है. साल के किसी भी दिन भाई-बहन एक-दूसरे को पैसे या गिफ्ट दे सकते हैं और उस पर इनकम टैक्स नहीं लगेगा.
2 लाख रुपये या इससे ज्यादा कैश देने पर लग सकती है पेनल्टी
भले ही भाई से मिले 5 लाख रुपये पर इनकम टैक्स नहीं लगता, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इतनी बड़ी रकम कैश में दी जा सकती है. इनकम टैक्स एक्ट, 2025 के सेक्शन 186 में 2 लाख रुपये या इससे ज्यादा की रकम कैश में लेने पर रोक लगाई गई है. इस नियम के मुताबिक, कोई शख्स किसी दूसरे शख्स से एक दिन में, एक ही ट्रांजैक्शन में या किसी एक खास मौके से जुड़े लेनदेन में कुल 2 लाख रुपये या इससे ज्यादा रकम कैश स्वीकार नहीं कर सकता. इसलिए अगर भाई अपनी बहन को 5 लाख रुपये देना चाहता है तो उसे बैंकिंग या डिजिटल मीडियम का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके लिए NEFT, RTGS, IMPS, UPI या अकाउंट पेयी चेक जैसे ऑप्शन अपनाए जा सकते हैं. ध्यान रखें कि कैश लेने पर रोक का नियम तब भी लागू होता है, जब मिलने वाली रकम इनकम टैक्स से पूरी तरह मुक्त हो. सेक्शन 451 के तहत नियम का उल्लंघन करने पर असेसिंग ऑफिसर हासिल रकम के बराबर पेनल्टी लगा सकता है यानी 5 लाख रुपये कैश लेने पर 5 लाख रुपये तक की पेनल्टी लग सकती है.
दोस्त या कजिन से मिले 5 लाख रुपये तो क्या होगा?
भाई-बहन से मिलने वाले गिफ्ट पर टैक्स छूट का फायदा हर रिश्तेदार को नहीं मिलता. इनकम टैक्स एक्ट में रिश्तेदारों की एक तय लिस्ट दी गई है. इसमें भाई-बहन, पति-पत्नी, माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, बच्चे और कुछ दूसरे तय रिश्ते शामिल हैं. लेकिन दोस्त या कजिन (चचेरे-ममेरे भाई-बहन) इस छूट के दायरे में नहीं आते. ऐसे में अगर किसी आदमी को अपने दोस्त या कजिन से 5 लाख रुपये का गिफ्ट मिलता है तो सामान्य तौर पर पूरी रकम टैक्स के दायरे में आएगी. नियम के मुताबिक, गैर-रिश्तेदारों से एक फाइनेंशियल ईयर में मिले पैसों के गिफ्ट की कुल रकम 50 हजार रुपये से ज्यादा होने पर पूरी रकम टैक्सेबल हो जाती है. सिर्फ 50 हजार रुपये से ऊपर की रकम पर टैक्स नहीं लगता, बल्कि तय सीमा पार होने पर पूरी रकम को 'इनकम फ्रॉम अदर सोर्सेज' के तहत जोड़ा जाता है.
बहन को पैसे देते समय इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप भाई दूज पर अपनी बहन को बड़ी रकम गिफ्ट कर रहे हैं तो ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड जरूर रखें. बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजैक्शन की रसीद संभालकर रखना फायदेमंद होगा. इसके अलावा एक साधारण गिफ्ट डिक्लेरेशन भी तैयार कर सकते हैं. इसमें पैसे देने वाले और पाने वाले का नाम, दोनों के बीच रिश्ता, रकम और ट्रांसफर की तारीख लिखी होनी चाहिए. एक बात ध्यान रखनी चाहिए कि बहन को भाई से मिले गिफ्ट पर भले ही टैक्स न लगे, लेकिन अगर वह इस पैसे को बैंक एफडी, म्यूचुअल फंड या किसी दूसरे निवेश में लगाती है तो उससे होने वाली इंटरेस्ट इनकम या कैपिटल गेन पर लागू नियमों के मुताबिक टैक्स देना पड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं