बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या अपनी नई फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार हैं. फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म की रिलीज से पहले ही इसका पहला रिव्यू सामने आ गया है. खास बात यह है कि यह रिव्यू किसी फिल्म समीक्षक ने नहीं, बल्कि एक्टर अनुपम खेर की मां दुलारी खेर ने दिया है. उन्होंने फिल्म देखने के बाद इसे 100 में से 100 नंबर दिए हैं. अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर अपनी मां का एक वीडियो भी शेयर किया है. इस वीडियो में उनकी मां बता रही है कि 'ये प्रेम मोल लिया' कैसी फिल्म है.
मां के साथ फिल्म देखने पहुंचे अनुपम खेर
अनुपम खेर ने हाल ही में सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी. इस दौरान उनके साथ उनकी मां दुलारी खेर भी मौजूद थीं. फिल्म देखने के बाद अनुपम ने मां से पूछा कि उन्हें फिल्म कैसी लगी? इस पर दुलारी खेर ने कहा कि उन्हें फिल्म बहुत अच्छी लगी. जब अनुपम ने उनसे पूछा कि वह फिल्म को 100 में से कितने नंबर देंगी, तो उन्होंने बिना देर किए पूरे 100 नंबर दे दिए. उनकी खुशी देखकर अनुपम भी काफी उत्साहित नजर आए.
कभी हंसीं तो कभी भावुक हुईं दुलारी खेर
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, 'मैं अभी मां के साथ ‘ये प्रेम मोल लिया' देखकर थियेटर से बाहर निकला हूं. और मां ने इस फिल्म को पूरे 100 में से 100 नंबर दिए हैं! अब, जब मां 100 में से 100 देती हैं, तो इसका मतलब सच में... 100 में से 100 ही होता है!
अभी-अभी माँ के साथ ‘ये प्रेम मोल लिया' देखकर बाहर निकला हूँ। और माँ ने फ़िल्म को दिए हैं सौ में से सौ नंबर! अब माँ के सौ में से सौ का मतलब है… सौ में से सौ! 😊❤️ फ़िल्म देखते हुए माँ कभी हँसीं, कभी रोईं। और बाहर आकर सूरज बड़जात्या को तीन-चार बार गले लगाया। फिर बार-बार हाथ से वही इशारा करती रहीं, जिसका मतलब है, “बहुत बढ़िया!” माँ का रिव्यू आप इस वीडियो में देखिए। उनके चेहरे पर सब लिखा है।❤️🥹❤️ फ़िल्म मुझे भी कमाल की लगी। उस पर मैं कल बात करूँगा। आज पहले माँ की सुनिए! जय माता की!❤️❤️❤️ #DulariRocks #SoorajBarjatya #YehPremMolLiya @rajshrifilms
— Anupam Kher (@AnupamPKher) November 23, 2026
फिल्म देखते समय मां कभी हंसीं, तो कभी उनकी आंखों में आंसू आ गए. और जब हम बाहर निकले, तो उन्होंने सूरज बड़जात्या जी को तीन-चार बार गले लगाया. फिर वह बार-बार अपने हाथों से एक ही इशारा कर रही थीं, जिसका मतलब था - "एकदम शानदार!" इस वीडियो में मां का रिव्यू देखिए. उनके चेहरे पर सब कुछ साफ-साफ दिख रहा है. मुझे भी यह फिल्म बहुत कमाल की लगी. इस बारे में मैं कल बात करूंगा. आज, पहले मां की बात सुनिए!'
27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
'ये प्रेम मोल लिया' एक फैमिली और रोमांटिक ड्रामा फिल्म है. इसकी कहानी प्रेम और पूर्वा के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म में आयुष्मान खुराना प्रेम और शरवरी पूर्वा का किरदार निभा रही हैं. कहानी में शादी के बाद दोनों के सामने एक अलग तरह की चुनौती आती है. पूर्वा अपने परिवार को छोड़कर दूसरे घर नहीं जाना चाहती. ऐसे में प्रेम अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर रहने का फैसला करता है. इसके बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्तों, सोच और आपसी तालमेल को लेकर कई दिलचस्प परिस्थितियां पैदा होती हैं.
फिल्म में अनुपम खेर के अलावा सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे और शाद रंधावा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना होगा कि दुलारी खेर की तरह दर्शकों को भी यह पारिवारिक कहानी कितनी पसंद आती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं