विज्ञापन

न ज्यादा स्क्रीन्स की होड़, न बड़ी ओपनिंग की चिंता! इतनी स्क्रीन्स पर रिलीज होगी सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’

फिल्मों की रिलीज के समय आजकल ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन्स हासिल करने की होड़ लगी रहती है. फिल्म निर्माता चाहते हैं कि उनकी फिल्म पहले ही दिन अधिक से अधिक सिनेमाघरों तक पहुंचे, ताकि बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग हासिल की जा सके.

न ज्यादा स्क्रीन्स की होड़, न बड़ी ओपनिंग की चिंता! इतनी स्क्रीन्स पर रिलीज होगी सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’
इतनी स्क्रीन्स पर रिलीज होगी सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’
NDTV

फिल्मों की रिलीज के समय आजकल ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन्स हासिल करने की होड़ लगी रहती है. फिल्म निर्माता चाहते हैं कि उनकी फिल्म पहले ही दिन अधिक से अधिक सिनेमाघरों तक पहुंचे, ताकि बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग हासिल की जा सके. हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में एक प्रोडक्शन हाउस ऐसा भी है, जो दशकों से इस चलन से अलग अपनी एक खास रणनीति पर काम करता आ रहा है. हम बात कर रहे हैं राजश्री प्रोडक्शंस की. सूरज बड़जात्या की फिल्में अक्सर शुरुआत में सीमित स्क्रीन्स पर रिलीज की जाती हैं और इसके पीछे एक सोची-समझी बिजनेस रणनीति होती है.

2000 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी फिल्म

राजश्री प्रोडक्शंस की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इस मौके पर एनडीटीवी ने फिल्म की स्टारकास्ट आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ-साथ निर्देशक सूरज बड़जात्या से खास बातचीत की. इस दौरान जब सूरज बड़जात्या से पूछा गया कि वह हमेशा फिल्मों की रिलीज के मामले में अपनी एक अलग रणनीति अपनाते हैं और दूसरे फिल्म निर्माताओं की तरह ज्यादा से ज्यादा स्क्रीन्स हासिल करने की दौड़ में शामिल नहीं होते, तो उन्होंने इस बार फिल्म की रिलीज को लेकर अपनी योजना के बारे में बताया.

सूरज बड़जात्या ने कहा, “यह फिल्म लगभग 1700 से 2000 स्क्रीन्स पर रिलीज होने जा रही है. इस तरह की फिल्म के लिए जितनी स्क्रीन्स सही हैं, हम उतनी ही रख रहे हैं, क्योंकि यह एक फैमिली फिल्म है. परिवार के लोग साथ मिलकर फिल्म देखने जाते हैं. यह कोई मसाला या सामान्य कमर्शियल फिल्म नहीं है. हर फिल्म की अपनी एक अलग जरूरत होती है. हर फिल्म को अपना एक घर चाहिए, अपनी एक जन्मभूमि चाहिए. हर बच्चे के जन्म की अपनी एक जगह होती है. इसलिए हम इस फिल्म को अच्छे तरीके से रिलीज कर रहे हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “इससे भी ज्यादा जरूरी बात यह है कि फिल्म को सही तरीके से दर्शकों के सामने पेश किया जाए. हम यहां बैठे ही इसलिए हैं, ताकि इस फिल्म की जो असली आत्मा है, वह दर्शकों तक पहुंचे. जब दर्शक सिनेमाघरों में आएं, तो उन्हें फिल्म देखने का पूरा आनंद मिले और उनके पैसे वसूल हों.”

दशकों से राजश्री की फिल्मों की रही है यही रणनीति

दरअसल, राजश्री प्रोडक्शंस के लिए सीमित स्क्रीन्स पर फिल्म रिलीज करने की रणनीति नई नहीं है. प्रोडक्शन हाउस लंबे समय से इसी सोच के साथ अपनी फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाता रहा है. ‘चितचोर' और ‘दुल्हन वही जो पिया मन भाए' जैसी फिल्मों से लेकर ‘हम आपके हैं कौन..!' जैसी बड़ी ब्लॉकबस्टर और हाल के वर्षों में ‘ऊंचाई' और ‘हम चार' तक, राजश्री ने कई बार पारंपरिक बड़ी रिलीज के बजाय नियंत्रित रिलीज का रास्ता चुना है.

इस रणनीति के पीछे एक बड़ी वजह शुरुआती दिनों में सिनेमाघरों की ऑक्यूपेंसी को बनाए रखना है. अगर कोई फिल्म जरूरत से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज होती है और शुरुआती दिनों में दर्शकों की संख्या कम रहती है, तो सिनेमाघर जल्द ही उसके शो कम कर सकते हैं या फिल्म को हटा भी सकते हैं. ऐसे में फैमिली ऑडियंस तक फिल्म की चर्चा पहुंचने से पहले ही उसका थिएटर रन प्रभावित हो सकता है.

राजश्री की सोच इसके उलट है. सीमित स्क्रीन्स पर फिल्म रिलीज करने से उपलब्ध शो में दर्शकों की संख्या बेहतर रहने की संभावना होती है. इससे माउथ पब्लिसिटी को बढ़ावा मिलता है और परिवारों के बीच फिल्म देखने की उत्सुकता पैदा होती है. राजश्री की फिल्मों का दर्शक वर्ग भी अलग रहा है, जहां फिल्में सिर्फ युवाओं के बजाय पूरे परिवार को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं.

पुरानी रणनीति पर राजश्री

इसके अलावा, राजश्री के लिए सिनेमाघरों का माहौल भी हमेशा अहम रहा है. कंपनी की पुरानी रिलीज रणनीति में ऐसे सिनेमाघरों को प्राथमिकता देने की सोच शामिल रही है, जहां परिवार आराम से फिल्म देख सकें. मुंबई के लिबर्टी सिनेमा जैसे थिएटर इस परंपरा का हिस्सा रहे हैं.

गौरतलब है कि सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ऊंचाई' भी शुरुआत में महज 500 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई थी. इसके बावजूद फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई. अब ‘ये प्रेम मोल लिया' के लिए 1700 से 2000 स्क्रीन्स की योजना बताकर सूरज बड़जात्या ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि राजश्री के लिए किसी फिल्म की सफलता सिर्फ इस बात से तय नहीं होती कि वह कितने सिनेमाघरों में रिलीज हुई, बल्कि इस बात से भी तय होती है कि वह सही दर्शकों तक किस तरह पहुंचती है.

यह भी पढ़ें | आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' OTT पर होगी रिलीज! जानें थिएटर के बाद कब और कहां देख सकेंगे फिल्म

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sooraj Barjatya, Yeh Prem Mol Liya, Yeh Prem Mol Liya Movie, Yeh Prem Mol Liya News, Yeh Prem Mol Liya Release Date
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com