विज्ञापन

ये प्रेम मोल लिया रिलीज होने में 1 दिन बाकी, सूरज बड़जात्या बोले- मैं मार्केट के शोर से दूर रहता हूं

ये प्रेम मोल लिया डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने कहा- "मैं मार्केट के शोर से दूर रहता हूं", आदित्य चोपड़ा भी कहते हैं- "हमें आपसे यही सिनेमा चाहिए"

ये प्रेम मोल लिया रिलीज होने में 1 दिन बाकी, सूरज बड़जात्या बोले- मैं मार्केट के शोर से दूर रहता हूं
सूरज बड़जात्या ने प्रेम मोल लिया के बॉक्स ऑफिस पर कही ये बात
YouTube

27 नवंबर को रिलीज हो रही फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है. फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि इसका निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है. फिल्म की रिलीज से पहले एनडीटीवी ने आयुष्मान खुराना और सूरज बड़जात्या से खास बातचीत की. इस दौरान फिल्ममेकर से पूछा गया कि आज के दौर में जब सोशल मीडिया, बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों और फिल्मों की सफलता-असफलता को लेकर लगातार चर्चा होती रहती है, ऐसे में क्या एक फिल्ममेकर के लिए इस शोर से खुद को अलग रखना मुश्किल नहीं होता?

सूरज बड़जात्या ने कहा- इस चीज से दूर रहता हूं

राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों की पहचान हमेशा से पारिवारिक रिश्तों, भारतीय परंपराओं और नैतिक मूल्यों पर आधारित कहानियां रही हैं. बदलते दौर में भी सूरज बड़जात्या ने अपनी फिल्मों की इस पहचान को बनाए रखा है. उन्होंने कभी बाजार के दबाव या किसी चलन के पीछे भागने के बजाय अपनी कहानी और सिनेमा पर भरोसा किया है. इस सवाल पर सूरज बड़जात्या ने कहा, “मैं इस चीज से दूर रहता हूं. आपको अपने आप में रहना चाहिए, लेकिन उस शोर में बहना नहीं चाहिए. क्योंकि अगर आप उन पैमानों को रखकर अपनी क्रिएटिविटी को देखेंगे तो फंस जाएंगे. फिर आप कुछ कर ही नहीं पाएंगे. आपको हमेशा लगेगा कि सही क्या है और गलत क्या है. लेकिन क्रिएटिविटी तो पर्सनल होती है.”

लोगों के कमेंट को भूलकर किया काम

सूरज बड़जात्या ने आगे कहा कि एक फिल्ममेकर को इस बात की चिंता किए बिना अपनी बात कहनी चाहिए कि लोग क्या टिप्पणी करेंगे। उन्होंने कहा, “आपको जो कहना है, वह कहना पड़ेगा. यह भूलकर कि लोग क्या कमेंट करेंगे. क्योंकि जो पेइंग पब्लिक है, वह इन सब चीजों से अलग है. फिल्म देखने के लिए जो पैसे देगा, वह एक अलग इंसान है. इसलिए आपको उसके लिए काम करना चाहिए.”

ये भी पढ़ें- राजेश खन्ना और आशा भोसले का 56 साल पुराना सदाबहार रोमांटिक गाना, हर शाम को रंगीन बना देती है किशोर कुमार की आवाज

‘मैं कोई शादी और फंक्शन नहीं छोड़ता, हर रस्म को ऑब्जर्व करता हूं'

सूरज बड़जात्या के मुताबिक, एक फिल्ममेकर के लिए अपने आसपास की दुनिया को देखना और समझना बेहद जरूरी है. उनकी कहानियों में भारतीय परंपराओं और रस्मों की मौजूदगी भी इसी ऑब्जर्वेशन का नतीजा है. उन्होंने बताया कि वह आज भी शादियों और पारिवारिक समारोहों में जाकर वहां होने वाली रस्मों को ध्यान से देखते हैं. सूरज ने कहा, “मैं कोई शादी नहीं छोड़ता, कोई फंक्शन नहीं छोड़ता. आज भी हर रस्म को ऑब्जर्व करता हूं. मैं देखता हूं, पढ़ता हूं और पहले से ज्यादा पढ़ता हूं. क्योंकि आप जितना पढ़ेंगे, उतना ही आपके आसपास की दुनिया को समझ पाएंगे. अखबार हर फिल्ममेकर की पूंजी है. मैंने सुना है कि गुलजार साहब मूंगफली खरीदते हैं तो उसका कागज भी पढ़ते हैं. हमें पढ़ना चाहिए, क्योंकि कहानियां हमारे आसपास ही हैं और ताजगी ही हमारा सबसे बड़ा गहना है.”

उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ फिल्ममेकर ही नहीं, बल्कि एक अभिनेता के लिए भी ऑब्जर्वेशन बहुत जरूरी है. अपने आसपास की चीजों को देखने और समझने से ही नए विचार आते हैं और कहानियों में ताजगी बनी रहती है. 

आयुष्मान बोले- “आपको पता होना चाहिए कि जिंदगी में क्या चल रहा है”

इस बातचीत में आयुष्मान खुराना ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि आज के दौर में खबरों और ट्रेंड से पूरी तरह दूर रहना संभव नहीं है. हालांकि सूरज बड़जात्या अखबार पढ़ने पर जोर देते हैं, लेकिन आयुष्मान ने बताया कि वह अब ज्यादातर खबरें ऑनलाइन पढ़ते हैं. आयुष्मान ने कहा, “मैंने तकनीकी तौर पर अखबार पढ़ना बंद कर दिया है. अब मैं ऑनलाइन ही सारी खबरें पढ़ता हूं. यह खतरनाक है, लेकिन आपको पता होना चाहिए कि अभी क्या ट्रेंड कर रहा है. अगर आपको पता ही नहीं होगा कि क्या चल रहा है, तो कैसे काम करेंगे? यह बहुत आदर्शवादी बात है कि आप फोन एक तरफ रख दें और अपनी जिंदगी जिएं, लेकिन यही आज की हकीकत है. फोन पर सब कुछ हो रहा है. आपको पता तो होना चाहिए कि जिंदगी में क्या चल रहा है.”

आयुष्मान ने सूरज बड़जात्या की बात से सहमति जताते हुए कहा कि ट्रेंड से परिचित रहना जरूरी है, लेकिन उसमें पूरी तरह बह जाना सही नहीं है. उनके मुताबिक, आसपास की चीजों को समझना और उनसे विचार लेना एक अलग बात है. 

आदित्य चोपड़ा भी कहते हैं- “सूरज, हमें आपसे यही चाहिए”

बातचीत के दौरान जब सूरज बड़जात्या से पूछा गया कि करोड़ों के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों और फिल्म इंडस्ट्री में बदलते ट्रेंड के बीच अपने सिनेमा को लेकर उनका भरोसा कैसे कायम रहता है, तो उन्होंने बताया कि उनके आसपास के लोग भी उनसे उसी तरह की फिल्में बनाने की उम्मीद करते हैं. उन्होंने खास तौर पर आदित्य चोपड़ा का जिक्र किया. 

सूरज ने कहा, “मेरे आसपास जितने लोग हैं, वे यही कहते हैं कि हमें आपसे यही चाहिए. पता नहीं क्या होगा, लेकिन हमें यही चाहिए. और जो इंसान मुझे पहले दिन से यह कहते आ रहे हैं, वह हैं मिस्टर आदित्य चोपड़ा. वह हमेशा कहते हैं, सूरज, वही चाहिए, वही चाहिए. सालों में मुझे भी समझ आ गया है कि मैं सबसे अच्छा क्या कर सकता हूं. अब इस उम्र में मैं यही करना चाहता हूं. कुछ और करना भी नहीं चाहता. कोई तो है जो इस तरह का सिनेमा बना रहा है.”

पुरानी धार्मिक पुस्तकों में मिली ‘ये प्रेम मोल लिया' की कहानी की प्रेरणा

सूरज बड़जात्या ने बातचीत में यह भी बताया कि ‘ये प्रेम मोल लिया' की कहानी का मूल विचार उन्हें धार्मिक ग्रंथों और पुरानी पुस्तकों को पढ़ने के दौरान मिला। उन्होंने कहा कि आजकल वह अपने समय का बड़ा हिस्सा पढ़ने और अपनी खोज में लगाते हैं. इसी दौरान उन्हें एक खास रस्म के बारे में पता चला, जिसने फिल्म के विषय को जन्म दिया. 

उन्होंने कहा, “अब मेरी खोज थोड़ी पुरानी स्क्रिप्चर्स की तरफ है. मैंने वहां से पढ़ते हुए तोरण की रस्म के बारे में जाना। तोरण की रस्म क्या होती है, यह हमने ‘ये प्रेम मोल लिया' में बताया है. वहीं से इस फिल्म का आइडिया आया और सब्जेक्ट का कोर आइडिया भी वहीं से मिला. आप देखेंगे कि ट्रेलर और गानों में भी मैंने उस चीज को जगह दी है. वह मुझे इतनी प्रिय है कि मैंने आयुष्मान का शॉट हर जगह रखा है.”

इस बातचीत से साफ है कि सूरज बड़जात्या के लिए सिनेमा बनाने का आधार आज भी भारतीय परंपराएं, रिश्ते और उनके आसपास की दुनिया से मिलने वाली कहानियां हैं. वहीं आयुष्मान खुराना का मानना है कि बदलते समय और डिजिटल दुनिया के ट्रेंड से परिचित रहना भी जरूरी है। दोनों की ये बातें आज के सिनेमा में रचनात्मकता और बाजार के बीच संतुलन की अहमियत को सामने रखती हैं.

ये भी पढ़ें- 29 साल पुराना गाना, जिसके बिना अधूरी थी 90s की शादी, तारे बने बाराती, कुमार सानू-जसपिंदर की दिल छू लेने वाली आवाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yeh Prem Mol Liya, Yeh Prem Mol Liya Movie, Sooraj Barjatrya
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com