विज्ञापन

22 साल के अजय देवगन की 35 साल पुरानी फिल्म, हेमा मालिनी की बहन थी हीरोइन, सानू-अलका-उदित के 8 गाने, आठों 90s के सुपरहिट चार्टबस्टर

1991 में आई ‘फूल और कांटे’ से 22 साल के अजय देवगन ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. मधु के साथ उनकी जोड़ी, दो मोटरसाइकिलों पर फिल्माया गया एंट्री सीन और नदीम-श्रवण के हिट गानों ने इस फिल्म को खास बना दिया.

22 साल के अजय देवगन की 35 साल पुरानी फिल्म, हेमा मालिनी की बहन थी हीरोइन, सानू-अलका-उदित के 8 गाने, आठों 90s के सुपरहिट चार्टबस्टर
फूल और कांटे फिल्म में 22 साल थे अजय देवगन

1991 में आई एक फिल्म ने बॉलीवुड को ऐसा सितारा दिया, जिसने आगे चलकर एक्शन से लेकर कॉमेडी और गंभीर किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई. फिल्म थी ‘फूल और कांटे', जिससे अजय देवगन ने बतौर अभिनेता हिंदी सिनेमा में कदम रखा था. उस वक्त अजय की उम्र महज 22 साल थी. फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मधु नजर आई थीं, जिन्हें हेमा मालिनी की कजिन के रूप में भी जाना जाता है. कहानी, एक्शन और संगीत के मेल ने इस फिल्म को उस दौर की यादगार फिल्मों में शामिल कर दिया.

दो मोटरसाइकिलों पर खड़े होकर हुई थी अजय देवगन की एंट्री

कुकू कोहली के निर्देशन में बनी ‘फूल और कांटे' 22 नवंबर 1991 को रिलीज हुई थी. फिल्म में अजय देवगन और मधु के अलावा अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी, जगदीप, रज़ा मुराद और गोगा कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में थे. अजय की एंट्री का अंदाज आज भी दर्शकों को याद है. दो चलती मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर उनका स्टंट उस समय खूब चर्चा में रहा था. यह सिर्फ एक फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि अजय की एक्शन हीरो वाली छवि की शुरुआत भी थी.

फिल्म की कहानी प्यार और परिवार के बीच फंसे एक नौजवान की है. अजय का किरदार एक ऐसे परिवार से आता है, जिसका जुड़ाव अपराध की दुनिया से है. वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहता है और प्यार के रास्ते पर आगे बढ़ता है. लेकिन परिवार की पुरानी दुश्मनी और अपराध की दुनिया उसके रिश्ते और सपनों के सामने मुश्किलें खड़ी कर देती हैं. फिल्म में रोमांस के साथ एक्शन और भावनात्मक टकराव भी देखने को मिलता है.

नदीम-श्रवण के संगीत ने गानों को बनाया हिट

‘फूल और कांटे' की लोकप्रियता में इसके गानों का बड़ा योगदान था. फिल्म का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था और गीत समीर ने लिखे थे. साउंडट्रैक में कुमार सानू, अलका याज्ञनिक और उदित नारायण जैसे लोकप्रिय गायकों की आवाजें सुनाई दीं. ‘धीरे धीरे प्यार को बढ़ाना है', ‘तुमसे मिलने को दिल करता है', ‘प्रेमी आशिक आवारा' और ‘मैंने प्यार तुम्हीं से किया है' जैसे गाने खूब पसंद किए गए. रोमांटिक धुनों और याद रह जाने वाले बोलों ने इस एल्बम को उस दौर के चर्चित फिल्मी संगीत में जगह दिलाई.

ये भी पढ़ें: 36 साल पुराना अनुराधा पौडवाल का गाना, जो 90s के मम्मी-पापा का था फेवरेट, रेडियो-टीवी पर खूब रहती थी डिमांड, रूपा गांगुली ने बनाया सुपरहिट

बॉक्स ऑफिस पर भी ‘फूल और कांटे' को अच्छी सफलता मिली थी. फिल्म को हिट फिल्मों में गिना जाता है और इसने अजय देवगन को पहली ही फिल्म से दर्शकों के बीच पहचान दिला दी. आगे चलकर अजय ने कई बड़ी फिल्मों में काम किया, लेकिन उनका यह डेब्यू आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार डेब्यू में गिना जाता है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ajay Devgn, Madhoo, Entertainment, Phool Aur Kaante
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com