राखी सावंत एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं, जिसकी वजह कोई लेटेस्ट वीडियो किसी सेलेब पर रिएक्शन नहीं बल्कि 16 साल पुराना मामला है. दरअसल, उत्तर प्रदेश के झांसी की एक अदालत ने 2010 के आत्महत्या के एक मामले में एक्ट्रेस राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है. यह मामला एक स्थानीय निवासी के खिलाफ उनके टेलीविजन कार्यक्रम में कथित अपमानजनक टिप्पणी करने से जुड़ा है. एक सरकारी वकील ने शनिवार को यह जानकारी दी. जिला शासकीय अधिवक्ता (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने बताया कि त्वरित अदालत के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने राखी सावंत के बार-बार अदालत में पेश नहीं होने पर शुक्रवार को यह वारंट जारी किया.
राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट
वकील के अनुसार, यह मामला झांसी के हंसारी प्रेम नगर इलाके के निवासी लक्ष्मण अहिरवार से जुड़ा है, जिन्होंने कथित तौर पर सावंत के टेलीविजन कार्यक्रम ‘राखी का इंसाफ' में की गई टिप्पणियों से अपमानित होने के बाद 10 नवंबर 2010 को आत्महत्या कर ली थी. अहिरवार की मां सावित्री ने प्रेम नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि सावंत ने अक्टूबर 2010 में प्रसारित कार्यक्रम के एक एपिसोड में उनके बेटे के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था.
यह भी पढ़ें | दिव्या भारती का 24 साल पुराना गाना, जिसपर गुरुग्राम की रामलीला में शूर्पणखा ने किया डांस, वीडियो हो रहा वायरल
अभियोजन पक्ष के अनुसार, वैवाहिक विवाद के बाद अहिरवार और उनकी पत्नी अनीता को कार्यक्रम में बुलाया गया था. अनीता राजगढ़ की रहने वाली थीं और दंपति के बीच विवाद के बाद वह अपने मायके लौट गई थीं. श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की अगली सुनवाई एक दिसंबर को निर्धारित की गई है.
राखी सावंत ने क्या टिप्पणी की थी
राखी सावंत का यह मामला 2010 का है. जब एनडीटीवी इमेजिन पर राखी का इंसाफ एक रियलिटी शो आया था. इसमें वह होस्ट थीं. वहीं शो में घरेलू और शादीशुदा विवादों को पब्लिकली सुलझाया जाता था. इसमें झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार, जो सब्जी बेचने का काम करते थे. वह शो में पत्नी अनीता के साथ शादीशुदा विवाद को लेकर पहुंचे थे क्योंकि वह अलग रह रहे थे. परिवार के आरोपों के मुताबिक, शो में राखी सावंत ने लक्ष्मण के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें नामर्द (नपुंसक) कहा था. इसके कारण लक्ष्मण ने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली थी.
यह भी पढ़ें | मोहम्मद रफी का 58 साल पुराना सुपरहिट गाना, शशि कपूर-आशा पारेख का दिखा रोमांस, 24 घंटे में तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं