ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सीरीज तीन तगाड़ा बीते 20 नवंबर को रिलीज हो चुकी है. इस शो को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं और कहानी को अपने परिवार के साथ देख रहे हैं. शो में काफी नए एक्टर्स नजर आए हैं, लेकिन सीरीज में सबसे ज्यादा सुर्खियां एक्ट्रेस प्रसन्ना बिष्ट ने बटोरी हैं. इससे पहले प्रसन्न दिव्या दत्ता के साथ चिरैया में भी नजर आ चुकी हैं. हाल ही में प्रसन्ना ने एनडीटीवी से बात करते हुए काफी मुद्दों पर चर्चा की.
आपने अपने अभिनय के सफर में अलग-अलग किरदारों और जॉनर को एक्सप्लोर किया है, अलग-अलग तरह की कहानियों का हिस्सा बनने से एक अभिनेता के तौर पर आपके विकास में किस तरह मदद मिली है?
एक्ट्रेस ने कहा कि अलग-अलग किरदारों और तरह-तरह की कहानियों का हिस्सा बनने से एक अभिनेता के तौर पर मुझे निश्चित तौर पर बहुत कुछ सीखने को मिला है, क्योंकि आखिरकार, जितना आप अभ्यास करते हैं, उतना बेहतर होते जाते हैं. मैं अभी भी सीख रही हूं, आगे बढ़ रही हूं और कई तरह के किरदार निभाना चाहती हूं. लेकिन मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि अलग-अलग किरदारों और कहानियों के जरिए मैं एक इंसान के तौर पर भी कैसे विकसित हुई हूं. मुझे जिंदगी को देखने और अलग-अलग तरह के लोगों को अनुभव करने का मौका मिलता है। जब मैं अलग-अलग किरदार निभाती हूं, तो ऐसा लगता है कि मेरे पास दुनिया को देखने के लिए अलग-अलग लेंस हैं. यह एक बहुत बड़ी खूबसूरती है, क्योंकि मुझे अलग-अलग सोच और मानसिकता को समझने का मौका मिलता है. जब आप अलग-अलग लोगों की सोच को समझते हैं, तो धीरे-धीरे उनके साथ एक जुड़ाव महसूस करने लगते हैं. मुझे लगता है कि यही जिंदगी की सच्चाई है एकता, हम सब एक हैं और आप दूसरों से खुद को अलग समझना बंद कर देते हैं. आप यह समझने लगते हैं कि हर इंसान की परिस्थितियां अलग होती हैं और उनसे निपटने का उसका तरीका भी अलग होता है. किसी को तुरंत जज करने या यह तय करने के बजाय कि आप उसे पसंद नहीं करते, आप उसे समझने की कोशिश करते हैं. इन सभी किरदारों के अनुभवों ने अस्मानी को निभाने में भी मेरी मदद की है, क्योंकि अभिनय भावनाओं, मसल मेमोरी और अनुभवों का एक मिश्रण है.
कमिंग-ऑफ-एज कहानियां अक्सर उस उम्र के दर्शकों से आगे बढ़कर भी लोगों से जुड़ती हैं, क्योंकि इनमें अनिश्चितता, रिश्तों और अपनी पहचान जैसे सार्वभौमिक अनुभवों को दिखाया जाता है. आपके अनुसार ऐसी कौन-सी बातों को दर्शाता है, जो इसे अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के लिए प्रासंगिक बनाती हैं?
एक्ट्रेस ने कहा कि हर कोई अपने शरीर, मन, विचारों और सपनों को एक्सप्लोर करना चाहता है. लोग अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं. यह इंसान के जीवन के उस सबसे उतार-चढ़ाव भरे दौर की कहानी है, जब सब कुछ संभव लगता है, जब आप सबसे ज्यादा उत्साहित होते हैं और ऐसा लगता है कि आप कुछ भी हासिल कर सकते हैं. वहीं, आप समाज से प्रभावित भी होते हैं, लेकिन आपके अपने सपने और सोच भी होते हैं, जिनके लिए आप आगे बढ़ना चाहते हैं. हालांकि, आप सांस्कृतिक अपेक्षाओं से भी बंधे होते हैं. मुझे लगता है कि कॉलेज के दौरान यह एक बहुत दिलचस्प स्थिति होती है. स्कूल में आपने समाज और संस्कृति से बहुत कुछ सीखा होता है, आपको बताया जाता है कि क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए, क्या सही है और क्या गलत. सब कुछ बहुत ब्लैक एंड व्हाइट होता है, लेकिन जब आप चीजों को एक्सप्लोर करना शुरू करते हैं, तो आपको एहसास होता है कि जिंदगी में ग्रे एरिया भी होते हैं. भारतीय समाज में मुझे लगता है कि बच्चों को माता-पिता काफी हद तक सुरक्षित रखते हैं और कई चीजों से दूर रखते हैं. लेकिन जब वे कॉलेज जाते हैं, तो उन्हें जिंदगी का एक बिल्कुल अलग अनुभव मिलता है। कई लोगों के लिए यह पहली बार होता है, जब वे जिंदगी को करीब से समझते हैं और यह महसूस करने लगते हैं कि बड़े होने का मतलब क्या है। यह एक ऐसा दौर है, जहां आप बहुत कुछ एक्सप्लोर करते हैं, सीखते हैं और समझते हैं, और हर इंसान इस दौर से गुजरता है.
रिश्तों, पारिवारिक समीकरणों और आज की सामाजिक वास्तविकताओं को दर्शाने वाली कई तरह की ओरिजिनल कहानियां मौजूद हैं, आपको क्या लगता है कि इस तरह की स्टोरीटेलिंग में अपनी जगह कैसे बनाता है और एक युवा परिवेश के साथ संवेदनशील विषय को जोड़ने वाले प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना आपके लिए खास क्यों है?
एक्ट्रेस ने कहा कि अगर मैं इसे एक बड़े नजरिए से देखूं, तो मैं एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम करती हूं. मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है. लोग क्या चाहते हैं? वे रोना चाहते हैं, हंसना चाहते हैं, मुस्कुराना चाहते हैं, कुछ अनुभव करना चाहते हैं और फिल्में देखते समय अच्छा समय बिताना चाहते हैं. वहीं, अगर मैं इसे एक करीब के नजरिए से देखूं, तो मैं एक ऐसी अभिनेत्री हूं, जिसने अपने काम और कला के प्रति पूरी तरह समर्पित होने का फैसला किया है. मेरे लिए अभिनय सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए मैं जिंदगी को समझने और एक्सप्लोर करने की कोशिश करती हूं. यह मेरे लिए एक आध्यात्मिक अभ्यास की तरह है, जो मुझे किसी उच्च शक्ति के करीब महसूस कराता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं