बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो वरुण धवन का एक नया अंदाज सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. फिल्मों में डांस और एक्शन करते नजर आने वाले वरुण अब खेत में फावड़ा चलाते और धान की रोपाई करते दिखे. एक्टर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खेत की कई तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह मिट्टी में उतरकर खेती का काम करते नजर आ रहे हैं. सफेद कपड़ों में वरुण कभी पौधे लगाते दिखे तो कभी फावड़ा हाथ में लिए पोज देते नजर आए. इन तस्वीरों के साथ उन्होंने बेहद छोटा और सीधा कैप्शन लिखा- 'खेती शुरू'.
कुछ दिन पहले ही खरीदा था खेत
वरुण धवन ने कुछ समय पहले अपने फैंस को बताया था कि उन्होंने एक खेत खरीदा है. उस समय उन्होंने खेत से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया था और इसे अपनी जिंदगी की बड़ी उपलब्धि बताया था. अब उन्होंने उसी खेत में खुद खेती के काम में हाथ आजमाना शुरू कर दिया है. तस्वीरों में वरुण धान के पौधे लगाते, मिट्टी में काम करते और फावड़ा चलाते नजर आ रहे हैं. उनके साथ खेत में काम करने वाले कुछ लोग भी दिखाई दे रहे हैं.
सफेद कपड़ों में ‘हैंडसम किसान' बने वरुण
वरुण की तस्वीरों में सबसे ज्यादा ध्यान उनका देसी लुक खींच रहा है. उन्होंने सफेद शर्ट और सफेद पैंट पहनी है और खेत के बीच पूरे कॉन्फिडेंस के साथ नजर आ रहे हैं. एक तस्वीर में वह मिट्टी में बैठकर पौधों की रोपाई करते दिखते हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में कंधे पर फावड़ा रखकर कैमरे की तरफ देखते नजर आते हैं. सोशल मीडिया यूजर्स को उनका यह अंदाज काफी पसंद आया. कई फैंस ने उन्हें ‘हैंडसम किसान' कहा तो किसी ने उनके चेहरे की खुशी की तारीफ की.
कुछ यूजर्स ने सफेद कपड़ों पर भी किए मजेदार कमेंट
जहां कई फैंस ने वरुण के इस नए अंदाज की तारीफ की, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी सफेद ड्रेस को लेकर मजेदार कमेंट भी किए. यूजर्स ने सवाल किया कि आखिर खेत में काम करते हुए उनके कपड़े इतने साफ कैसे रह गए. कुछ लोगों ने इन तस्वीरों को फोटोशूट जैसा भी बताया. हालांकि, तस्वीरों में वरुण खेत के काम को सीखते और धान की रोपाई करते नजर आ रहे हैं.
वरुण की यह पोस्ट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आमतौर पर उन्हें बड़े पर्दे की ग्लैमरस दुनिया में देखा जाता है. अब खेत की मिट्टी में उतरकर उनका यह अंदाज फैंस के लिए बिल्कुल अलग और दिलचस्प है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं