हिंदी सिनेमा में कुछ जोड़ियां ऐसी हैं, जिनकी पहचान वक्त के साथ और मजबूत होती गई. अभिनेता राजेश खन्ना और सिंगर किशोर कुमार की जोड़ी भी ऐसी ही थी. किशोर दा की आवाज में गाए गाने राजेश खन्ना की पहचान का अहम हिस्सा बन गए. आइएनएस की खबर के मुताबिक, किशोर कुमार ने राजेश खन्ना के लिए 245 गाने गाए थे. राजेश खन्ना के करियर में साल 1969 की फिल्म 'आराधना' बेहद अहम साबित हुई. इस फिल्म में किशोर कुमार ने उनके लिए 'मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू' और 'रूप तेरा मस्ताना' जैसे गाने गाए. शर्मिला टैगोर के साथ राजेश खन्ना पर फिल्माए गए इन गानों ने दर्शकों के बीच उनकी रोमांटिक छवि बना दी. 'रूप तेरा मस्ताना' के लिए किशोर कुमार को बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. इसी फिल्म के गानों ने किशोर कुमार और राजेश खन्ना की जोड़ी को एक नई पहचान दी.
राजेश खन्ना और किशोर कुमार की जोड़ी
इसके बाद दोनों की जोड़ी ने एक के बाद एक यादगार गाने दिए. 1971 की फिल्म 'कटी पतंग' का 'ये शाम मस्तानी' और 'ये जो मोहब्बत है' भी लोगों को खूब पसंद आया. 'अमर प्रेम' में 'चिंगारी कोई भड़के' और 'कुछ तो लोग कहेंगे' जैसे गानों को अपनी आवाज दी. इन गानों में राजेश खन्ना का अभिनय और किशोर की गायकी एक-दूसरे के पूरक साबित हुए.
यह भी पढ़ें | 57 साल पुरानी वो फिल्म जिसमें नहीं था एक भी गाना, फिर भी सलील चौधरी को मिला था म्यूजिक डायरेक्टर का क्रेडिट
'मेरे जीवन साथी' का 'ओ मेरे दिल के चैन' इस जोड़ी के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक गानों में शामिल है. वहीं 'सफर' का 'जीवन से भरी तेरी आंखें' किशोर कुमार की आवाज में है. उन्होंने फिल्म 'आनंद' में राजेश खन्ना पर फिल्माए गए 'जिंदगी कैसी है पहेली' गाने के जरिए जीवन को देखने का एक अलग नजरिया पेश किया. 'हाथी मेरे साथी' का 'नफरत की दुनिया को छोड़ के' और 'आप की कसम' का 'जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मकाम' भी इस जोड़ी के यादगार गानों में गिने जाते हैं.
राजेश खन्ना के साथ परफेक्ट फिट
राजेश खन्ना की 'आप की कसम' फिल्म में लता मंगेशकर के साथ किशोर कुमार का गाया 'करवटें बदलते रहे सारी रात हम' गाना आज भी सुना जाता है. किशोर कुमार की खासियत यह थी कि वह राजेश खन्ना के चेहरे के भाव और उनके बोलने के अंदाज को अच्छी तरह समझते थे और उन्हीं को ध्यान में रखकर गाना गाते थे. राजेश खन्ना की लोकप्रियता में किशोर कुमार की आवाज का अहम योगदान है. उन्होंने राजेश खन्ना की 92 फिल्मों में 245 गानों को अपनी आवाज दी.
किशोर कुमार ने अपने करियर में आठ बार फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता. उन्होंने हिंदी के अलावा बंगाली, मराठी, गुजराती, असमिया और कई अन्य भाषाओं में भी गाने गाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं