साउथ में फिल्म स्टार्स को भगवान माना जाता है और उनकी पूजा करने की परंपरा है. यहां एक्टर्स को सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है. फिल्म रिलीज होने पर फैंस पोस्टर्स पर दूध चढ़ाते हैं, आरती उतारते हैं. बड़े-बड़े बैनर लगाते हैं और अनुष्ठान करते हैं. कई सुपरस्टार्स के सम्मान में उनके फैंस ने मंदिर बनवाए हैं, जहां उनकी मूर्तियों की पूजा की जाती है.रजनीकांत, एमजीआर (मारुदुर गोपालन रामचंद्रन),चिरंजीवी और एन. टी. रामाराव को साउथ में भगवान का दर्जा हासिल है. हम आज ऐसी एक एक्ट्रेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जो साउथ की पहली एक्ट्रेस हैं. उनके नाम पर फैंस ने तमिलनाडु में एक मंदिर का निर्माण कराया. वह एक्ट्रेस हैं खुशबू सुंदर....

खुशबू सुंदर ने 1980 के दशक के आखिर और 1990 के दशक में तमिल सिनेमा की बड़ी स्टार बनने से पहले, बचपन में ही हिंदी फिल्मों में एक्टिंग शुरू कर दी थी. हालांकि, अपने सफल करियर के पीछे उन्होंने बताया है कि आठ साल की उम्र से लेकर टीनएज तक उन्हें अपने पिता के हाथों यौन शोषण का सामना करना पड़ा था. 2005 में खुशबू ने यह कहकर एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया कि अगर सुरक्षित और जिम्मेदारी से किया जाए तो शादी से पहले सेक्स स्वीकार्य है. इस बयान के बाद विरोध प्रदर्शन हुए और तमिलनाडु में उनके खिलाफ 22 आपराधिक मामले दर्ज किए गए. बाद में सुप्रीम कोर्ट ने सभी मामले खारिज कर दिए.

अपने स्टारडम के पीक पर खुशबू की लोकप्रियता असाधारण ऊंचाइयों पर पहुंच गई थी. तमिलनाडु में उनके समर्पित फैंस ने उनके नाम पर एक मंदिर बनवाया, जिससे वह अपने जीवनकाल में ऐसा सम्मान पाने वाली बहुत कम भारतीय अभिनेत्रियों में से एक बन गईं. खुशबू ने वेंकटेश, रजनीकांत, कमल हासन, सत्यराज, प्रभु और सरथकुमार जैसे बड़े स्टार्स के साथ कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं और साउथ की सबसे बड़ी महिला स्टार्स में अपनी जगह पक्की की. 2000 में खुशबू ने फिल्म निर्माता सुंदर सी से शादी की. साथ काम करते दोनों को प्यार हो गया था. कपल की दो बेटियां हैं. फिल्मों में काम कम करने के बाद खुशबू ने सफलतापूर्वक टेलीविजन का रुख किया. वह रियलिटी शो में एक लोकप्रिय होस्ट और जज बनीं और साथ ही टेलीविजन कंटेंट का निर्माण भी किया.खुशबू का राजनीति में भी एक्टिव रहीं. वह DMK से जुड़ी रहीं, बाद में कांग्रेस में शामिल हुईं और उसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्य बनीं.

यह भी पढ़ें- मंदाकिनी- मिथुन का 38 साल पुराना गाना, शादियों में बरातियों की फेवरेट लिस्ट में शामिल, अनु मलिक- कविता कृष्णमूर्ति की आवाज में अमर
लीड रोल्स के पीछे भागने के बजाए खुशबू ने तमिल सिनेमा में प्रभावशाली सहायक भूमिकाओं के साथ खुद को नए सिरे से पेश किया और एक अभिनेत्री के तौर पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की. अपने पति सुंदर सी. के साथ मिलकर खुशबू ने अपने प्रोडक्शन वेंचर्स के ज़रिए कई टेलीविज़न सीरियल और फिल्में प्रोड्यूस की हैं, जिससे उन्होंने एक्टिंग के अलावा भी अपने करियर का विस्तार किया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं