मोहब्बत में कुछ वादे ऐसे होते हैं, जो वक्त के साथ पुराने नहीं पड़ते. हिंदी सिनेमा का एक ऐसा ही रोमांटिक गाना है, जो पांच दशक से ज्यादा पुराना होने के बावजूद आज भी प्रेमी-प्रेमिका की प्लेलिस्ट में अपनी जगह बनाए हुए है. जब पर्दे पर सिमी ग्रेवाल और विनोद खन्ना एक-दूसरे के सामने प्यार का इजहार करते हैं और साथ निभाने का वादा करते हैं, तो मोहब्बत का वो एहसास आज भी उतना ही खूबसूरत लगता है. ऊपर से मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर की आवाज ने इस गाने में ऐसी मिठास घोली कि यह सिर्फ एक फिल्मी गीत नहीं रहा, बल्कि प्यार करने वालों के लिए सदाबहार एहसास बन गया.
‘हाथ की सफाई' का है ये खूबसूरत गाना
जिस गाने की बात हो रही है, वह है ‘वादा कर ले साजना', जो 1974 में रिलीज हुई फिल्म ‘हाथ की सफाई' का हिस्सा था. फिल्म में विनोद खन्ना और सिमी ग्रेवाल की जोड़ी नजर आई थी. इस रोमांटिक गाने में दोनों के बीच प्यार और एक-दूसरे का साथ निभाने की भावनाएं दिखाई गई हैं. यही वजह है कि गाना रिलीज होने के बाद लंबे समय तक लोगों की पसंद बना रहा.
रफी-लता की आवाज ने बढ़ाई मोहब्बत की मिठास
‘वादा कर ले साजना' को मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी. दोनों दिग्गज गायकों की आवाज जब एक साथ सुनाई देती है तो गाने का रोमांटिक असर और बढ़ जाता है. गाने के बोल प्रेमी-प्रेमिका के बीच किए जाने वाले उस वादे को बयां करते हैं, जिसमें दोनों एक-दूसरे का साथ छोड़ने के बजाय जिंदगीभर साथ चलने की बात करते हैं.
गाने की धुन और सादगी इसकी सबसे बड़ी खासियत है. इसमें कोई भारी-भरकम शब्द नहीं, बल्कि मोहब्बत की सीधी और खूबसूरत बात है. यही वजह है कि इतने साल बाद भी यह गाना पुराने रोमांटिक गानों की प्लेलिस्ट में सुनाई देता है.
1974 में बॉक्स ऑफिस पर भी चली थी फिल्म
‘वादा कर ले साजना' जिस फिल्म ‘हाथ की सफाई' का हिस्सा था, वह भी दर्शकों को पसंद आई थी. फिल्म में विनोद खन्ना के साथ रणधीर कपूर, हेमा मालिनी, शत्रुघ्न सिन्हा और सिमी ग्रेवाल जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म में एक्शन, ड्रामा, इमोशन और रोमांस का मिश्रण देखने को मिला था. उस दौर में फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट के साथ इसके गानों ने भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में भूमिका निभाई. ‘वादा कर ले साजना' फिल्म के उन गानों में शामिल हो गया, जिसकी पहचान फिल्म से आगे बढ़कर अलग बन गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं