तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' से छठी मैया की महिमा का बखान करता एक गाना रिलीज किया गया था. इस गाने ने आते ही यूट्यूब पर धूम मचा दी और करीब एक महीने से ज्यादा समय से सोशल मीडिया पर छाए गाने को पीछे छोड़ दिया है. हम यहां तमन्ना की फिल्म के इस धार्मिक गाने की सीधी तुलना हनुमान अंश के वायरल हनुमान भजन से कर रहे हैं. इस भजन को लोग काफी पसंद कर रहे हैं लेकिन पॉपुलैरिटी में ये छठी मैया से पीछे रह गया.
तमन्ना भाटिया के छठी मैया के भजन को चार दिन में 30 मिलियन व्यूज मिले. जबकि हनुमान अंश के वायरल गाने 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान जी' की बात करें तो इस पर सोशल मीडिया में रील जमकर बनीं लेकिन यूट्यूब पर व्यूज के मामले में ये छठी मैया के आगे कहीं भी नहीं. यूट्यूब पर हनुमान अंश का भजन 3.9 मिलियन यानी कि 4 मिलियन के करीब है.
इस गाने के लिए तमन्ना भाटिया ने की खास तैयारी
फिल्म में छठ पूजा का खास महत्व है इसलिए तमन्ना चाहती थीं कि इसे सिर्फ एक गाने की तरह पेश न किया जाए, बल्कि इसकी परंपरा और भावनाओं को भी सही तरीके से समझा जाए. यही वजह थी कि शूटिंग से पहले उन्होंने छठ पूजा के बारे में विस्तार से जाना और यह समझने की कोशिश की कि बिहार और पटना में इस पर्व को किस तरह मनाया जाता है.
अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए तमन्ना कहती हैं, “मैं हमेशा से छठ पूजा को बहुत श्रद्धा के साथ देखती आई हूं. गाने की शूटिंग शुरू करने से पहले मैंने इस परंपरा की अहमियत और बिहार और पटना में इसे किस तरह मनाया जाता है, इसे समझने में समय बिताया. सच कहूं तो इसकी ताकत और लोगों की आस्था देखकर मैं हैरान थी. छठी मैया के साथ जो जुड़ाव मैंने महसूस किया, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. मुझे लगा कि मैं उनसे बहुत गहराई से जुड़ गई हूं. छठ पूजा ‘द वन' का एक बेहद अहम हिस्सा है और मैं इस परंपरा को किसी और तरह से महसूस नहीं करना चाहती थी.”
‘छठी मैया' गाने के जरिए फिल्म की लोककथा और फैंटेसी की दुनिया भी दर्शकों के सामने और खुलकर आती है. गाने को विशाल मिश्रा ने गाया और कंपोज किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं. इसकी कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने की है. गाना जी म्यूजिक के म्यूजिक लेबल के तहत रिलीज हुआ है.
ये Video भी देखें: कौन है वो एक्टर जो करता है सबसे ज्यादा रिहर्सल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं